अमरोहा। जिले में तेंदुए की दहशत लगातार बनी हुई है। अब एआरटीओ कार्यालय के पास बाईपास रोड पर तेंदुए ने कुत्ते को निवाला बना लिया। लोगों ने कुत्ते को मुंह में दबाकर ले जाते तेंदुए को देखा तो उनके होश उड़ गए। मामले की जानकारी वन विभाग के अधिकारियों को दी गई है।
अमरोहा शहर के अहमदनगर निवासी तोहिद और जाकिर बाइक से बुधवार रात अतरासी गए थे। दोनों एक दावत में शामिल हुए थे। बृहस्पतिवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे दोनों को नौगांवा सादात जाना था। इसलिए वह एआरटीओ कार्यालय से पहले बाईपास रोड से जाने लगे। इस बीच उन्होंने देखा कि तेंदुआ कुत्ते को मुंह में भरकर घसीटते हुए ले जा है। यह देखकर दोनों के होश उड़ गए।
दोनों ने बाइक मोड़कर दौड़ा दी। कुछ दूरी पर खेत पर काम कर रहे लोगों को तेंदुए की जानकारी दी। कुछ ही देर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तेंदुए को तलाश किया, लेकिन वह नहीं मिला। हालांकि, कुत्ते के अवशेष गन्ने के खेत में पड़े मिले। सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची।
ग्रामीणों ने मामले की जानकारी वन विभाग के अधिकारियों को दी। डीएफओ एसपी सिंह ने बताया कि लोगों को सतर्कता बढ़ाने की सलाह दी गई है। जरूरत पड़ने पर पिंजरा लगाया जाएगा।