हसनपुर। क्षेत्र में तेंदुए की दस्तक से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। गन्ने के खेत में तेंदुए ने बारहसिंघा का शिकार कर लिया। ग्रामीणों के पहुंचने पर तेंदुआ भाग गया। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों की मदद से गड्ढा खुदवाकर बारहसिंघा के शव को दफना दिया है। तेंदुए की तलाश की जा रही है ।
कोतवाली क्षेत्र के गांव अल्लीपुर निवासी बबलू कश्यप अपनी पत्नी बाला देवी के साथ रविवार को खेत पर पशुओं के लिए चारा लेने गया था। जंगल में गन्ने के खेत के किनारे पर बैठकर तेंदुआ बारहसिंघा का शिकार करने के बाद उसे अपना निवाला बना रहा था। यह देखकर दंपती के होश उड़ गए। वह दौड़कर गांव की तरफ पहुंचे। शोर मचाने पर ग्रामीण एकत्र हो गए और लाठी डंडे लेकर मौके की तरफ दौड़ने लगे। ग्रामीणों का आता देख तेंदुआ फरार हो गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम पहुंच गई। ग्रामीणों की मदद से गड्ढा खुदवाकर बारहसिंघा के शव को दबवा दिया। तेंदुए को लेकर ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है। ग्रामीणों ने तेंदुआ पकड़वाने की मांग की है।
वन दरोगा पलटराम का कहना है कि ग्रामीणों को सतर्क किया गया है कि वह अकेले जंगल में न जाए। समूह बनाकर ही जंगल में जाएं। तेंदुए की तलाश की जा रही है। पिंजरा लगाकर जल्द ही तेंदुआ पकड़ा जाएगा।