अमरोहा। आईटीआई में चल रही दाखिला प्रक्रिया का अंतिम दौर खत्म होने के बाद भी सीटें नहीं भर सकीं। जिले के पांच आईटीआई संस्थानों में 2148 सीटों के सापेक्ष 1842 सीटों पर ही दाखिले हो सके है लेकिन किन्हीं कारणों से प्रवेश लेने चूक गए अभ्यर्थियों को फिर से मौका दिया जा रहा है। प्रवेश पाने के इच्छुक छात्र-छात्राएं 17 अक्तूबर की शाम पांच बजे तक एडमिशन की प्रक्रिया पूरी करा सकते हैं।
राजकीय आईटीआई संस्थानों में युवाओं को तकनीक की अलग-अलग ट्रेड में पारंगत किया जाता है। इस बार आईटीआई में प्रवेश प्रक्रिया को एक अभियान के रूप में शुरू किया गया था। आवेदन के समय आईटीआई चलो अभियान चलाकर युवाओं को आवेदन करने के लिए प्रेरित भी किया गया था लेकिन अभियान का असर प्रवेश प्रक्रिया पर दिखाई नहीं दिया।
इसी कारण तीन चरणों के बाद राज्य व्यवसायिक परिषद ने फिर से आवेदन करने व ट्रेड को संशोधित करने का मौका दिया लेकिन इसके बाद भी अपेक्षा के अनुरूप सीटें नहीं भर सकी थीं। चार चरणों की प्रक्रिया के बाद फिर से प्रवेश लेने से चूके युवाओं को आवेदन का मौका दिया गया था जिसके बाद वॉक इन सिद्धांत के तहत प्रवेश लिए गए। लेकिन इसके बाद भी अधिकांश ट्रेड में सीटें खाली ही रह गई। अब फिर से खाली रह गई सीटों को भरने के लिए वॉक इन सिद्धांत के तहत प्रवेश प्रक्रिया शुरू की गई है। जिसके तहत नवीन व पूर्व पंजीकृत अभ्यर्थी भी प्रवेश ले सकते हैं।
-
कहां कितने हुए प्रवेश, कितनी सीटें खाली
संस्थान - कुल सीटें - प्रवेश हुए - रिक्त सीटें
अमरोहा - 456 - 360 - 96
हसनपुर - 372 - 312 - 60
नौगांवा सादात - 396 - 343 - 53
गंगेश्वरी - 416 - 368 - 48
गजरौला - 508 - 459 - 49
-
आईटीआई में प्रवेश के लिए वॉक इन सिद्धांत के तहत फिर से प्रवेश शुरू किए गए हैं। एडमिशन चाहने वाले युवा निर्धारित तिथि तक अपना प्रवेश करा सकते हैं। - राहुल कृष्ण शर्मा, नोडल प्रधानाचार्य, राजकीय आईटीआई, अमरोहा
-