हसनपुर। ग्राम समाज की भूमि पर कब्जा कराने तालाबों पर अवैध कब्जा कराने और चरागाह की भूमि पर कब्जा कराने के मामले में संदिग्ध भूमिका मिलने पर लेखपाल पर बड़ी कार्रवाई की गई है। जिला अधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देश पर उपजिलाधिकारी उद्भव त्रिपाठी ने लेखपाल नरेश चंद को सस्पेंड कर दिया है। अन्य लेखपालों को भी चेतावनी जारी की गई है कि कार्य को ईमानदारी के साथ किया जाए।
उपजिलाधिकारी उद्भव त्रिपाठी ने बताया कि लेखपाल नरेशचंद्र पर गांव गंगेश्वरी और चंदनकोटा दो हल्कों का चार्ज था। ग्राम समाज की भूमि पर हुए अवैध कब्जे लेखपाल की भूमिका संदिग्ध रही। इसके अलावा दोनों हल्कों में तालाबों, चरागाह की भूमि आदि पर भी खूब कब्जे कराए। लगातार शिकायत मिलने पर जांच पड़ताल की गई तो आरोप सही साबित हुए। किसान सम्मान निधि के के लिए किसानों से प्रपत्र जमा कराने में भी वसूली के आरोप लगे थे। जिला अधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देश पर संबंधित लेखपाल के खिलाफ कार्रवाई का निर्णय लिया गया है। एसडीएम ने बताया कि लेखपाल नरेशचंद्र को सस्पेंड कर दिया गया है। इसके अलावा क्षेत्र के अन्य लेखपालों को भी चेताया गया है कि निष्पक्ष रूप से कार्य करें। संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त हुई शिकायतों का मौके पर जाकर निष्पक्ष रूप से निस्तारण करें और इसकी रिपोर्ट तुरंत सौंपे। किसी भी कार्य में लापरवाही होने पर कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।