भाकियू शंकर गुट के तहसील सचिव मोहरका पट्टी निवासी अब्दुल मुत्तलिब ने लेखपाल पर 50 हजार रुपये लेकर भूमि दबंग का कब्जा कराने का आरोप लगाया है। कहा कि कब्जा मुक्त कराने के लिए लेखपाल एक लाख रुपये की मांग कर रहा है। पीड़ित किसान ने डीएम से मामले की जांच कराकर लेखपाल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
अब्दुल मुत्तलिब ने डीएम को दिए शिकायती पत्र में कहा कि उनकी गांव में जमीन है। जिसे उन्होंने गांव निवासी किसान से खरीदा था। लेखपाल की शह पर गांव के दबंग ने उनकी भूमि पर अवैध कब्जा कर लिया। शिकायत पर जून में नायब तहसीलदार ने नापतौल कराई थी। नायब तहसीलदार ने भी अवैध कब्जा होने की बात स्वीकार की थी लेकिन इसके बाद भी दबंग प्रवृत्ति का व्यक्ति उनकी भूमि से कब्जा नहीं छोड़ रहा। अब्दुल मुत्तलिब का आरोप है कि लेखपाल ने 50 हजार रुपये लेकर अवैध कब्जा करवाया है। जिसे कब्जा मुक्त कराने के लिए एक लाख रुपये की मांग कर रहा है।