अमरोहा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट की स्थायी बेंच की स्थापना की मांग को लेकर शुक्रवार को जनपद न्यायालय के अधिवक्ताओं ने सामूहिक अवकाश रखकर विरोध प्रदर्शन किया।
हाईकोर्ट बेंच स्थापना संघर्ष संगठन के आह्वान पर आयोजित इस आंदोलन में अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्यों से विरत रहकर अपनी मांग के समर्थन में एकजुटता दिखाई। अधिवक्ताओं के अवकाश पर रहने से अदालतों में कई मामलों की सुनवाई प्रभावित हुई और दूर-दराज से पहुंचे वादकारियों को परेशानी हुई।
बार एसोसिएशन अमरोहा के अध्यक्ष कपिल कुमार चिकारा एडवोकेट और महासचिव अरशद हुसैन भारती एडवोकेट के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने न्यायालय परिसर में प्रदर्शन किया। वक्ताओं ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लाखों लोगों को न्यायिक कार्यों के लिए प्रयागराज तक लंबी दूरी तय करनी पड़ती है, जिससे समय और धन दोनों की हानि होती है।
हाईकोर्ट बेंच की स्थापना न केवल आम नागरिकों को सुलभ और त्वरित न्याय उपलब्ध कराएगी, बल्कि न्यायिक व्यवस्था को भी अधिक प्रभावी बनाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
इस अवसर पर आकिल सैफी, सचिन सक्सेना, निजाम तुर्की, रिचा सिंह, मतलूब सुवानी, रूम सिंह नागर, छत्रपाल सिंह, पूनम चौधरी, रेनू अग्रवाल, फुरकान अली व सिकंदर सोनू मौजूद रहे।