अमरोहा। रामपुर में बुधवार को जिला पंचायत कार्यालय में दिनदहाड़े अधिवक्ता फारुख अहमद की गोली मारकर हत्या करने के मामले में बृहस्पतिवार को अमरोहा बार एसोसिएशन से जुड़े अधिवक्ता हड़ताल पर रहे। हत्या के विरोध में गुस्साए अधिवक्ताओं ने विरोध-प्रदर्शन किया। जुलूस निकालकर कलक्ट्रेट पहुंचे और राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपकर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।
बृहस्पतिवार को बार एसोसिएशन जनपद अमरोहा के अध्यक्ष सलीम खान एडवोकेट और महासचिव सतीश कुमार त्यागी के नेतृत्व में तमाम अधिवक्ता एकत्र हुए और कचहरी में हड़ताल कर दी। रामपुर में दिनदहाड़े वकील फारुख अहमद की हत्या को लेकर नाराजगी जताई। इसके बाद अधिवक्ता कलक्ट्रेट पहुंचे और यहां राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा।
घटना की निंदा करते हुए अध्यक्ष सलीम खान एडवोकेट ने बताया कि अधिवक्ता समाज में अत्यधिक गुस्सा एवं रोष है। वर्तमान में प्रदेश के विभिन्न जिलों में अधिवक्ताओं की हत्या, उनके साथ लूटपाट और मारपीट की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। इससे स्पष्ट होता है कि प्रशासन और पुलिस द्वारा असामाजिक तत्वों के खिलाफ और अधिवक्ताओं की सुरक्षा के संबंध में कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
मांग करते हुए कहा कि रामपुर के अधिवक्ता फारुख की निर्मम हत्या में संलिप्त आरोपी के खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई की जाए। मृतक फारुख खान एडवोकेट के परिवार को 1.5 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। साथ ही उनके परिवार के एक आश्रित को सरकारी नौकरी दिलाई जाए। उत्तर प्रदेश में आम अधिवक्ताओं की सुरक्षा व्यवस्था एवं भयमुक्त माहौल देने के लिए अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम को अति शीघ्र लागू किया जाए।
कार्यालयों में असलहा लेकर आने वाले अपराधी प्रवृत्ति के व्यक्तियों पुलिस विभाग द्वारा जांच की जाए। कचहरी में असलहा लेकर आने पर पूर्ण रूप से रोक लगाई जाए, जिससे कचहरी परिसर में किसी भी प्रकार की आपराधिक या अप्रिय घटना घटित होने से बच सके। इसके बाद ही अधिवक्ता भयमुक्त वातावरण में निष्पक्षता एवं निर्भीकता से न्यायिक कार्य किया जा सकेंगे।
इस दौरान इरशाद, प्रमोद कुमार शर्मा, चंचल सारस्वत, इमरान खान, प्रदीप कुमार, अतुल कुमार सक्सेना, भूपेंद्र कुमार गुर्जर, सैंपल सिंह, गिरीश कुमार शर्मा आदि मौजूद रहे।