अमरोहा। बुलंदशहर निवासी लॉरेंस शर्मा का सपना आईएएस बनने का था, लेकिन रविवार को पीसीएस परीक्षा देने के बाद ही वह जिंदगी की जंग हार गए। परीक्षा केंद्र के बाहर ही उनकी अचानक तबीयत बिगड़ी और मौत हो गई। इकतौले बेटे की मौत से उनके परिवार में कोहराम मचा है। उधर, देर रात पुलिस ने पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया तो परिजन थाने पहुंचे। हालांकि, अभी पुलिस जांच कर रही है।
परिजनों ने फोन पर हुई बातचीत में बताया कि लॉरेंस पढ़ाई में होनहार था। परिवार के इकलौते बेटे लॉरेंस आईएएस बनना चाहते थे और यूपीएससी की तैयारी कर रहे थे। सीओ सिटी अरुण कुमार ने बताया कि लॉरेंस शर्मा एक माह पहले बुलंदशहर में ही सड़क हादसे में घायल हो गए थे। उनका मुरादाबाद के एक निजी हॉस्पिटल में इलाज चल रहा था। जानकारी मिली है कि वह अस्पताल से ही छुट्टी लेकर परीक्षा देने आए थे। हो सकता है कि पहले से ही उनकी तबीयत ठीक न हो और लंबे समय तक दोनों पालियों में पेपर देने के बाद उन्हें चक्कर आ गए हो। जिससे उनकी मौत हो गई।
उधर, सेक्टर मजिस्ट्रेट व तहसीलदार नौगांवा सादात लकी सिंह ने बताया कि पहली पाली की परीक्षा देने के बाद लॉरेंस ने दूसरी पाली की परीक्षा भी दी। वहीं, लॉरेंस पेपर छूटने के बाद केंद्र से बाहर निकले, तो अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। केंद्र पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें एंबुलेंस से सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां, डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया। लॉरेंस के दाएं हाथ में पट्टी बंधी थी, जबकि आंख के पास चोट के निशान थे। जानकारी मिली है कि वह अकेले परीक्षा देने के लिए पहुंचे।
वीडियो हो रहा वायरल
केंद्र के बाहर पहुंचते ही लॉरेंस नीचे गिर जाते हैं और वहां मौजूद लोग उनके हाथ-पैर मसलने लगते हैं। यही नहीं लोग उनसे घर वालों के बारे में पूछते हुए मोबाइल नंबर मांग रहे हैं। जबकि, लॉरेंस भी उन्हें परिजनाें का मोबाइल नंबर बता रहे हैं। इसकी वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है।