अमरोहा। जिले की 230 ग्राम पंचायतों में पंचायत भवन के लिए जमीन नहीं मिल सकी है। इसके चलते पंचायत भवन का निर्माण नहीं होगा। तहसील के राजस्व विभाग की रिपोर्ट के बाद पंचायत राज कार्यालय ने निदेशक को पत्र भेजा है। वहीं 112 ग्राम पंचायतों में पंचायत भवन का निर्माण हो रहा है। निर्माण में गुणवत्ता के पालन के निर्देश दिए गए है। मानक की अनदेखी पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
जिले में 601 ग्राम पंचायतें हैं लेकिन 342 ग्राम पंचायतों में पंचायत भवन नहीं है। कोरोना संक्रमण के दौर में महानगरों से मजदूर पलायन किए। इसके बाद कोविड 19 के प्रोटोकॉल के तहत उन्हें दूसरे जगहों पर रोका गया। उस वक्त पंचायत भवन की जरूरत महसूस हुई। प्रदेश सरकार ने पंचायती राज विभाग को पंचायत भवन के निर्माण का आदेश दिया। इसके तहत केंद्रीय वित्त आयोग और राज्य वित्त आयोग के बजट को खर्च करने को कहा। पंचायत भवन के निर्माण के बाद ही दूसरे काम कराने का सख्त आदेश जारी किया। इसके बाद पंचायती राज विभाग हरकत में आया। उसने ग्राम पंचायतों से प्रस्ताव तलब किए। इसके तहत ग्राम पंचायतों में निर्माण शुरू कराए गए। वहीं कई ग्राम पंचायतों में भूमि नहीं मिली। इसके बाद राजस्व विभाग के सहयोग से जमीन का आवंटन भी हुआ लेकिन 230 ग्राम पंचायतों में भूमि नहीं मिल सकी। इसकी रिपोर्ट पंचायती राज की निदेशक किंजल सिंह को भेज दिया गया है।