राजस्थान से मजदूरी कर लौट रहा मजदूर रमेश (45) ट्रेन की चपेट में आ गया। तड़के चार बजे मजदूर का शव ट्रैक पर मिला। मृतक के सिर में घाव था और हाथ व पैर कटे हुए थे। जीआरपी ने शव को मोर्चरी पर रखवाया। हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव रुखालू निवासी रमेश पुत्र यादराम राजस्थान में मजदूरी करते थे।
जहां से वह घर लौटने के लिए शनिवार की रात ट्रेन में सवार हुए। किसी समय ट्रेन से गिर कर उनकी मौत हो गई। रविवार की तड़के चार बजे मसूरी एक्सप्रेस ट्रेन के चालक ने उनको रेलवे लाइन पर मृत देख रेलवे के अधिकारी व कर्मचारियों को सूचना दी। जानकारी मिलने पर जीआरपी का स्टाफ मौके पर पहुंचा।
जीआरपी चौकी इंचार्ज श्याम बाबू का कहना है कि मृतक की शिनाख्त कराने के लिए उसका फोटो और हुलिया सभी ग्रुप में डाला। दोपहर एक बजे मृतक की पहचान रुखालू निवासी रमेश के रूप में हुई।