अब गर्भवती और एक साल तक के बच्चे के स्वास्थ्य से जुड़ी जरूरी सलाह आपके मोबाइल पर मिल सकेगी। इसके लिए किलकारी नाम का वाइस मैसेज आएगा। लेकिन इसके लिए एएनएम से स्वास्थ्य विभाग के एमसीटीएस पोर्टल पर गर्भवती महिला का ब्योरा दर्ज कराना होगा।
भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने गर्भवती महिलाओं और एक साल तक के बच्चे की देखभाल के लिए स्वास्थ्य संबंधी जरूरी टिप्स (वाइस मैसेज) तैयार कराए हैं। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत किलकारी नाम से डा.अनीता नाम के चरित्र के जरिए ये जानकारी आपकी मोबाइल के रजिस्टर्ड नंबर पर भेजी जाएगी।
इसके लिए आशा या एएनएम को गर्भवती महिला और शिशु का ब्योरा स्वास्थ्य विभाग के एमसीटीएस पोर्टल(मदर-चाइल्ड-ट्रैक सर्विस) पर डीपीएम (ब्लॉक प्रोग्रामिंग ऑफिसर)के यहां अपलोड कराना होगा। इसके बाद गर्भवती महिला और शिशु के अभिभावकों के मोबाइल पर किलकारी नाम से कॉल आएगी।
डा.अनीता गर्भावस्था और बच्चे की आयु के अनुसार हर हफ्ते एक साल तक मोबाइल पर टिप्स देंगी। इसमें गर्भवती को टीके कब लगवाने हैं और शिशु को किस तरह की खुराक देनी है, उसे बीमारी से बचाव के लिए कब और कितनी आयु में टीके लगवाने हैं, यह सब जानकारी दी जाएगी। यदि गर्भावस्था का पांचवां महीना चल रहा है, तो संदेश भी पांचवें महीने के अनुसार दिया जाएगा।
क्या है किलकारी
-किलकारी भारत सरकार की एक सेवा है। जिसमें मां और बच्चे के स्वास्थ्य से जुड़ी जरूरी सलाह आपको मोबाइल फोन पर मिलेगी। इसमें डॉ.अनीता हर हफ्ते फोन करके गर्भावस्था या बच्चे की उम्र के अनुसार जरूरी स्वास्थ्य सलाह देंगी। यह फोन गर्भावस्था से लेकर बच्चे के एक साल के होने तक आएगा। यह सेवा मुफ्त में मिलेगी।
ऐसे मिलेगा किलकारी का लाभ
-डा.अनीता से स्वास्थ्य संबधी जरूरी सलाह लेने के लिए आशा या एएनएम के पास गर्भावस्था और बच्चे के जन्म का पंजीकरण होना बहुत जरूरी है। जितना जल्दी पंजीकरण होगा, उतनी जल्दी डा.अनीता फोन करेंगी। इस सेवा के लिए यदि आशा या एएनएम के पास पंजीकरण नहीं कराया है, तो टोल फ्री नंबर 180030101701, 180030101702 और दोबारा सुनने के लिए 180030101703 पर भी पंजीकरण कराया जा सकता है। इसके अलावा संदेश मिस होने पर इसे फिर सुना जा सकता है। सिम कार्ड बदल दिया है या संदेश आयु अनुसार नहीं है, तो निराश होने की जरूरत नहीं है। इसके लिए आप नया नंबर रजिस्टर्ड करा सकते हैं।
-भारत सरकार ने गर्भवती महिला और एक साल तक बच्चे की स्वास्थ्य संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए किलकारी नाम की संदेश सेवा शुरू की है। यह सेवा गर्भावस्था और बच्चे के पंजीकरण के बाद ही अभिभावकों के मोबाइल पर निशुल्क प्रदान की जाएगी।-डा.एसके जैन, मुख्य चिकित्साधिकारी, अमरोहा