पंजू सराय में अवैध खनन की सूचना पर तहसील प्रशासन और दो थानों की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छापामार कार्रवाई की। लेकिन टीम के पहुंचने से पहले ही खनन माफिया वहां से भाग खड़े हुए। टीम को मौके पर दो तीन लोग बुग्गी में बालू रेत भरते मिले। छापामार टीम ने मौके पर मिले लोगों को कड़ी हिदायत देते हुए रेत से भरी बुग्गी खाली कराई।
बालू रेत के पंद्रह टीलों को नष्ट कराया गया। जिन रास्तों के जरिए वहां अवैध खनन होता था, उन रस्तों पर जेसीबी से गहरी खाई खुदवाई गई। टीम ने आसपास के गांवों में घूमकर लोगों को कड़ी हिदायत दी है, यदि किसी ने पंजू सराय में खोदी गई खाई को भरने का प्रयास किया तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकरी को पंजू सराय में अवैध खनन की सूचना मिली। उन्होंने तत्काल एसडीएम सदर को पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। डीएम के आदेश पर एसडीएम हर्षवर्धन श्रीवास्तव ने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर छापामारी की। उनके साथ दो थानों की पुलिस, तहसीलदार धर्मेंद्र सिंह, नायाब तहसीलदार और लेखपाल आदि रहे।
लेकिन टीम के वहां पहुंचने से पहले ही खनन माफिया वहां से भाग निकले, टीम को मौके पर दो तीन रेत से भरी हुई बुग्गी ही मिली। छापामार टीम ने बग्गी चालकों को जमकर हड़काया, रेत से भरी बुग्गियां पलटवा दी। बुग्गी चालकों को कड़ी हिदायत दी गई।
इस दौरान टीम ने पंद्रह रेत के टीलों को जेसीबी से नष्ट कराया। जिससे अवैध खनन न हो। साथ ही जिन स्थानों पर अवैध खनन होता था, वहां जेसीबी से गहरी खाई खुदाई गई हैं।
जिससे कोई भी वाहन वहां से रेत भरकर न निकल सके। इससे अवैध खनन करने वालों को आसानी से पकड़ा जा सकेगा। इस कार्रवाई के बाद छापामार टीम ने आसपास के गांव का दौरा किया।
गांवों में मुनादी कराई गई। यदि किसी ने अवैध खनन किया तो उसके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी। अवैध खनन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। अवैध खनन रोकने को जो पंजू सराय में खाई खुदवाई गई है, यदि किसी ने उसे भरने का प्रयास किया तो उसके खिलाफ भी तत्काल कार्रवाई की जाएगी। उधर, इस कार्रवाई से खनन माफियाओं में खलबली मची रही।