अमरोहा में डिप्टी सीएम के आगमन से पहले अमरोहा-अतरासी रोड किनारे सफाई करते कर्मचारी।
- फोटो : JPNAGAR
अमरोहा। नौगांवा सादात विधान सभा सीट पर उपचुनाव की चहलकदमी के बीच गुरुवार को डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य अमरोहा आएंगे। 10.40 मिनट पर उनका हेलीकॉप्टर पुलिस लाइन पहुंचेगा। सुबह 10.05 बजे उनका हेलीकॉप्टर गाजियाबाद पुलिस लाइन से उड़कर यहां पुलिस लाइन में उतरेगा। अतरासी रोड स्थित मैरिज हॉल में पीडब्ल्यूडी की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। समन्वय समिति की बैठक में हिस्सा लेकर अतरासी-हसनपुर मार्ग का लोकार्पण स्वर्गीय चेतन चौहान के नाम से करेंगे।
सूबे के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के पास लोक निर्माण, खाद्य प्रसंस्करण, मनोरंजन कर, सार्वजनिक उद्यम विभाग है। वह गुरुवार को अमरोहा में होंगे। यहां पहुंचने के बाद 11 बजे अतरासी रोड स्थित मैरिज हॉल में लोक निर्माण विभाग की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इसके बाद विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक लेंगे जबकि 11.30 बजे पार्टी के मंडल पदाधिकारियों और समन्वय समिति की बैठक करेंगे। साथ ही अतरासी-हसनपुर मार्ग का नामकरण भारत के पूर्व क्रिकेटर व सूबे के कैबिनेट मंत्री रहे चेतन चौहान के नाम से करेंगे। नौगांवा सादात विधानसभा सीट पर उप चुनाव होना है, इसलिए पदाधिकारियों से गुफ्तगू कर फीडबैक ले सकते हैं। बाद में उनका काफिला 12.25 मिनट पर पुलिस लाइन पहुंचेगा और यहां से ठाकुर वीरसिंह इंटर कालेज टुंडला, फिरोजाबाद के लिए हेलीकॉप्टर से रवाना होंगे। शासन से डिप्टी सीएम के आगमन का कार्यक्रम मिलने के बाद जिला प्रशासन में खलबली मची है। डीएम उमेश मिश्रा, एसपी डॉ विपिन ताडा और सीएमओ मेघ को उनकी सुरक्षा व्यवस्था के लिए अलर्ट किया गया है।