अमरोहा। डिप्टी सीएम केशव चंद्र मौर्य 24 सितंबर को जिले में आएंगे। यहां अतरासी रोड स्थित मैरिज हॉल में समन्वय समिति की बैठक में हिस्सा लेंगे। अतरासी-हसनपुर मार्ग का नामकरण कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान के नाम से करेंगे। इसके अलावा अन्य कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। चर्चा है कि नौगांवा सादात विधानसभा उप चुनाव के लिए वरिष्ठ नेताओं और चुनिंदा पार्टी जनों से फीडबैक लेंगे।
जिलाध्यक्ष बृजेश चौधरी ने बताया कि डिप्टी सीएम केशव चंद्र मौर्य का कार्यक्रम फाइनल हो चुका है। वह 24 सितंबर को जिले में आएंगे। लगभग तीन घंटे का प्रवास जिले में रहेगा। पुलिस लाइंस में दिन में 11 बजे हेलीकॉप्टर से उतरेंगे। यहां से कार द्वारा अतरासी रोड स्थित मैरिज हॉल में पार्टी की समन्वय समिति की बैठक लेंगे, जिसमें विधायक राजीव तरारा, विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष सरिता चौधरी के अलावा पार्टी के चुनिंदा लोग बैठक में शामिल होंगे। यहां पर कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान के नाम से अतरासी-हसनपुर मार्ग का नामकरण करेंगे। कई अन्य सड़कों का शिलान्यास-उद्घाटन कर सकते हैं। जिले में उनके आगमन को लेकर राजनीतिक निहितार्थ निकाला जा रहा है। चर्चा है कि पार्टी के लोगों से नौगांवा सादात विधानसभा उप चुनाव के बारे में फीडबैक लेंगे।
पीडब्ल्यूडी में तैयारी, जोया रोड पर सफाई शुरू
अमरोहा। मंगलवार की शाम को जैसे ही कार्यक्रम की हरी झंडी मिली। पीडब्ल्यूडी के इंजीनियर हरकत में आ गए। उन्होंने सड़कों के निर्माण की फाइलों को दुरुस्त करने में जुट गए। इसके अलावा निर्माण कार्यों में तेजी आ गई। नगर पालिका की टीम जोया रोड और पुलिस लाइंस के आस पास सफाई की कार्ययोजना तैयार किया।