संस्कार भारती और विश्व हिंदी मंच की ओर से शनिवार को आयोजित होने वाले हिंदी महोत्सव में केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान मुख्य अतिथि होंगे। केरल के राज्यपाल के कार्यक्रम के मद्देनजर डीएम व एसपी ने शुक्रवार दोपहर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और अधीनस्थों को राज्यपाल के प्रोटोकॉल के मुताबिक व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम संयोजक डॉ. यतींद्र कटारिया ने बताया कि संस्कार भारती व विश्व हिंदी मंच की ओर से शनिवार को एक बरातघर में हिंदी महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसमें केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान मुख्य अतिथि होंगे। कार्यक्रम में देशभर से कला, संस्कृति, भाषा व साहित्य के क्षेत्र के दिग्गज विद्वान आमंत्रित किए गए हैं। राज्यपाल आरिफ डॉ. यतींद्र कटारिया नवीन कृति हिंदी विश्व यात्रा और मैं का विमोचन करेंगे। कार्यक्रम में संघ लोक सेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष प्रदीप जोशी, इग्नू के कुलपति प्रोफेसर किरण हजारिका भी आमंत्रित किए गए हैं। डीएम कार्यालय की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक राज्यपाल शनिवार की दोपहर 12 से एक बजे तक हिंदी महोत्सव में रहेंगे। उसके बाद वह कार से रामपुर के लिए प्रस्थान करेंगे। डीएम राजेश त्यागी व एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने शुक्रवार को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने राज्यपाल के प्रोटोकॉल के अनुरूप वयवस्थाएं करने के निर्देश दिए।