गजरौला (अमरोहा)। दिल्ली-लखनऊ रेलवे लाइन पर महेशरा व काफूरपुर में बन रहे रेलवे के पुल पर गार्डर रखे जाने का काम चलेगा। जिसके चलते सोमवार को काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस व गजरौला-अलीगढ़ पैसेंजर ट्रेन तीन घंटे देरी से चलेंगी, जबकि तीन ट्रेनों को रूट बदल कर दिल्ली से वाया मेरठ, लक्सर होते हुए मुरादाबाद की तरफ भेजा जाएगा।
दिल्ली-लखनऊ रेलवे लाइन पर महेशरा व काफूरपुर में मध्य गंगा नहर पर रेलवे द्वारा पुल बनवाया जा रहा है। पुल बनाए जाने का काम पूरा होने के कगार पर है। सोमवार को पुल के लिए गार्डर रखे जाएंगे। इस काम में करीब छह घंटे का समय लगेगा। जिसके लिए रेलवे ने दिल्ली-लखनऊ रेलवे लाइन पर मेगा ब्लॉक का निर्णय लिया है। जिससे गार्डर रखने का काम कराने में कोई बाधा उत्पन्न न हो। मेगा ब्लॉक सुबह दस बजे से शाम को पौने पांच बजे तक रहेगा। जिसके चलते काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस तीन घंटे देरी से गजरौला स्टेशन पर पहुंचेगी। उसका गजरौला में आने का समय दोपहर 13.45 बजे है। देरी के कारण शाम को पौने पांच बजे आएगी। गजरौला-अलीगढ़ पैसेंजर दोपहर 2.20 बजे जाने की बजाय तीन घंटे देरी से शाम को 17.20 बजे गजरौला से रवाना होगी। नई दिल्ली से डिब्रूगढ़ जाने वाली राजधानी एक्सप्रेस, नई दिल्ली से राजगीर जाने वाली श्रमजीवी एक्सप्रेस और आनंद विहार से दानापुर जाने वाली जन साधारण एक्सप्रेस रूट बदल कर चलाई जाएंगी। उनको दिल्ली से वाया मेरठ और लक्सर होते हुए गुजारा जाएगा। स्टेशन अधीक्षक सरदार सिंह ने बताया कि दो ट्रेन तीन घंटे देरी से चलेंगी, जबकि दो का रूट बदला गया है। स्टेशन अधीक्षक का कहना कि पुल पर पर गार्डर रखे जाने के कारण दिल्ली जाने वाली ट्रेनों पर कोई असर नहीं पड़ेगा। वह चलती रहेंगी। उनके लिए नई लाइन तैयार हो गई है।
कांवड़ यात्रा के लिए कांकाठेर में बरेली-दिल्ली पैसेंजर गाड़ी का ठहराव
ब्रजघाट से गंगा जल व कांवड़ लाने वाले कांवड़ियों और शिव भक्तों के लिए रेलवे ने बरेली-दिल्ली पैसेंजर गाड़ी का ठहराव किया है। स्टेशन अधीक्षक सरदार सिंह ने बताया कि यह बरेली से गजरौला रात में 12 बजे पहुंचती है। तीन बजे दिल्ली से वापस गजरौला आती है। इसका चार जुलाई से 20 तक के लिए कांकाठेर रेलवे स्टेशन पर ठहराव कर दिया गया है। जिससे कांवड़ियों और गंगा जल लाने वाले शिव भक्तों को परेशानी का सामना न करना पड़े।