तिगरी धाम में पतित पावनी गंगा में स्नान के लिए तट पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब।
- फोटो : ब्यूरो/अमर उजाला अमरोहा
शुक्रवार मध्यरात्रि से शुरू हुआ स्नान का सिलसिला शनिवार देर शाम तक चलता रहा। पूरा मेला क्षेत्र गंगा मैया के जयकारों से गूंजता रहा। गंगा मैया की रेती में चारों ओर श्रद्धालु ही श्रद्धालु नजर आ रहे थे। माना जा रहा कि करीब सोलह लाख श्रद्धालुओं ने स्नान किया और मां गंगा को नमन कर आशीर्वाद मांगा। स्नान के बाद हवन पूजन किया। गंगा में पुष्प अर्पित कर सुख समृद्धि की कामना की गई।
कार्तिक पूर्णिमा पर मुख्य स्नान के लिए यूपी के कई जिलों के श्रद्धालुओं का रेला तिगरी की ओर बढ़ रहा था। इससे दूधिया रोशनी में नहाए मेला क्षेत्र के गंगा की रेती पर तिल रखने भर की जगह नजर नहीं आ रही थी। हर तरफ उल्लास का माहौल था। तमाम लोगों ने शुक्रवार मध्यरात्रि के बाद से ही स्नान करना शुरू कर दिया। पूरे दिन गंगा में श्रद्धालुओं के गोते लगाने का सिलसिला जारी रखा।
मुख्य स्नान के बाद खिचड़ी भोज हुआ। माना जा रहा है कि इस बार करीब सोलह लाख श्रद्धालुओं द्वारा गंगा में स्नान किया। इधर, डीएम व एसपी ने घाटों का दौरा कर सुरक्षा का जायजा लिया।