अमरोहा तिगरी धाम में कार्तिक पूर्णिमा के स्नान बाद मेले में श्रद्धालुओं की भीड़।
- फोटो : JPNAGAR
गजरौला (अमरोहा)। कार्तिक पूर्णिमा पर 20 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने तिगरीधाम गंगा में डुबकी लगाई। पतित पावनी गंगा में श्रद्धालुओं ने स्नान कर पुण्य का लाभ कमाया। श्रद्धालुओं की भीड़ से गंगा के घाट कई किलोमीटर की दूरी तक गुलजार नजर आए। मेले में जुटी रिकार्ड भीड़ से जिला प्रशासन और जिला पंचायत भी गदगद हो गए।
मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा के पर्व पर गंगा में स्नान के लिए लाखों श्रद्धालु पिछले आठ दिनों से गंगा की रेती पर डेरे डाले हुए थे। स्नान का सिलसिला मध्यरात्रि से ही आरंभ हो गया। घाटों पर गंगा मैया के जयकारों की गूंज रही। वहीं, संपूर्ण मेला क्षेत्र में गंगा आरती और भजनों की भी गूंज सुनाई पड़ रही थी। इसी बीच श्रद्धालुओं ने ठिठुरते पानी में आस्था की डुबकी लगाई। दिन निकलते ही भीड़ और बढ़ गई। सेक्टर एक, दो, तीन, दस, 11, 12 और 13 में बने घाटों पर काफी दूर तक सिर ही सिर नजर आए। श्रद्धालु ने गंगा में जमकर अठखेलियां की। खास बात यह रही कि इस बार घाट काफी बड़े और जल स्तर भी सामान्य था। हालांकि गहराई वाले स्थानों पर बैैरीकेडिंग और कुंभ मेले से आई डीप वाटर बैरीकेडिंग भी लगाई गई थी। श्रद्धालुओं ने इसके पीछे वाली साइड में ही स्नान किया। घाटों पर भारी भीड़ थी। महिलाओं के लिए बनाए गए चेंजिंग रूम भी कम पड़ गए। हालांकि इस बार घाटों पर साफ-सफाई के व्यापक प्रबंध नजर आए। सफाई कर्मियों की टीमें घाटों के किनारे सफाई करती नजर आईं। वहीं घाटों पर बनाए गए वाच टावर पर महिला पुलिसकर्मी भी दूरबीन लेकर मुस्तैद रहीं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के भी व्यापक बंदोबस्त किए गए।
इस बार तिगरीधाम गंगा मेले में रिकार्ड श्रद्धालु आए हैं। 20 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई है। यह संख्या पिछले वर्षों के मुताबिक अधिक आंकी जा रही है। - उमेश मिश्र, डीएम।