तिगरीधाम में स्नान को उमड़े श्रद्धालु।
- फोटो : GAJRAULA
अमरोहा। कार्तिक पूर्णिमा पर तिगरी धाम गंगा मेले में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है। लाखों श्रद्धालु गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य कमाएंगे। कार्तिक पूर्णिमा पर मुख्य स्नान के लिए आधी रात 12 बजे के बाद गंगा तट पर हर हर गंगे के जयकारे गूंजने लगे। पुण्य स्नान को लेकर गंगा तट के लिए श्रद्धालुओं का रेला उमड़ रहा है।
श्रद्धालु गंगा में स्नान के लिए जबरदस्त उत्साहित दिख रहे है। हर कोई तिगरी की ओर दौड़ा चला आ रहा है। ट्रैक्टर ट्राली, भैंसा बुग्गी, कार बस, मैक्स, टाटा मैजिक और बाइक से तिगरी की ओर श्रद्धालु उमड़ते दिखाई दिए। तिगरी गंगा मेला में आस्था का सैलाब उमड़ा है। हर-हर गंगे के जयकारों से गंगा घाट गूंज उठे हैं। आस्था है, उमंग है, उल्लास है संस्कृति के विभिन्न रंग हैं। परंपरा है, तो आधुनिकता की बहार भी है। रात-दिन गंगा मैया के भजनों का गुणगान हो रहा है। सोमवार की रात तक करीब 15 लाख श्रद्धालु पतित पावनी गंगा मैया के तट पर पहुंच चुके थे। जिला प्रशासन की माने तो मुख्य स्नान पर करीब 17-18 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। हाईवे से शुरू होकर रेलवे फ्लाईओवर, इंद्रा चौक, थाना गेट, कुमराला तिराहा, धनौरा रोड, तिगरी रोड, उधर, भानपुर फाटक से लेकर इंद्रा चौक तक श्रद्धालु ही श्रद्धालुओं नजर आ रहे हैं। सोमवार की रात 12 बजे से ही कार्तिक पूर्णिमा पर मुख्य स्नान शुरू हो गया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने देशी घी के साथ खिचड़ी का आनंद लिया और डेरों को समेट कर लौटने का सिलसिला शुरू कर दिया।