गजरौला (अमरोहा)। हाईवे की सर्विस रोड पर सामने से आए सांड़ से टकरा कर बाइक सवार कांवड़िया मुरादाबाद के अवंतिका कॉलोनी निवासी 27 वर्षीय लक्ष्मण की मौत हो गई। वह बाइक पर सवार होकर ब्रजघाट गंगा जल लेने जा रहे थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हादसे में सांड़ ने भी मौके पर दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उधर, सांड़ के शव को भी गड्ढा खोदकर दबा दिया गया है।
मुरादाबाद के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अवंतिका कॉलोनी निवासी लक्ष्मण सैनी पुत्र गोपाल सैनी मुरादाबाद की एक्सपोर्ट कंपनी में काम करते थे। सोमवार तड़के तीन बजे बाइक पर सवार होकर ब्रजघाट गंगा जल लेने जा रहे थे। वह शहवाजपुर डोर के निकट मतवाली पुलिया के सामने पहुंचे थे। इस बीच अचानक सामने से आए सांड़ से उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सांड की मौके पर मौत हो गई। लक्ष्मण गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस घायल को तुरंत निकट के निजी अस्पताल में ले गई। जहां पर चिकित्सक ने उनको मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। लक्ष्मण की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। वह थाने पहुंचे और हादसे की जानकारी ली। उधर, सांड़ के शव को गड्ढा खोदकर दबवाया गया। सीओ श्वेताभ भास्कर ने बताया कि सांड़ से टकराकर बाइक सवार की मौत का मामला सामने आया है। बाइक की टक्कर लगने से सांड़ की भी मौत हो गई।
-