सावन माह की कांवड़ यात्रा का शुक्रवार से आगाज हो रहा है। यात्रा को लेकर डीएम ने कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाली पंचायतों के प्रधानों के साथ बैठक की। प्रधानों ने गांव की समस्याओं से डीएम को रूबरू कराया तो उन्होंने संबंधित अफसरों से समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
बृहस्पतिवार को डीएम निधि गुप्ता वत्स ने कलक्ट्रेट सभागार में कांवड़ यात्रा को लेकर बैठक की। उन्होंने बैठक में उपस्थित ग्राम प्रधानों से कांवड़ यात्रा को बेहतर बनाने के लिए जिला प्रशासन का सहयोग करने के लिए कहा। उन्होंने किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए ग्राम प्रधानों को सतर्कता बरतने के लिए कहा। कहा कि कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए स्थानीय पुलिस और प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखें।
उन्होंने ग्राम प्रधानों से कांवड़ शिविरों में डिस्पोजल सामग्री के निस्तारण में सहयोग करने की अपील की। ग्राम प्रधानों की समस्याओं को सुनकर डीएम ने अधीक्षण अभियंता विद्युत को कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाले सभी खंभों पर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही शिविरों में विद्युत सुरक्षा की भी जांच कराने को कहा। उन्होंने एडीओ पंचायत को निर्देश दिए कि कांवड़ पथ पर एक भी निराश्रित गौवंश न मिले, अगर मिला तो जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी। बैठक में सीडीओ अश्वनी कुमार मिश्रा, अधीक्षण अभियंता विद्युत, एडीपीआरओ विमल कुमार व ग्राम प्रधान मौजूद रहे।
-