गजरौला (अमरोहा)। चालक को नींद की झपकी आने से ट्रैक्टर बेकाबू होकर ट्रांसफार्मर के चबूतरे से जा टकराया। चालक ट्रैक्टर से नीचे आ गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई, उसकी बगल में बैठा युवक घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रॉली में सवार महिला-पुरुषों में चीख-पुकार मच गई। सभी शिवभक्त हरिद्वार से जल लेकर लौट रहे थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने आनन-फानन में घायल को सीएचसी और कांवड़िये के शव को अमरोहा मोर्चरी भिजवा दिया।
शुक्रवार की तड़के लगभग दो बजकर 35 मिनट पर यह हादसा मंडी धनौरा मार्ग पर फाजलपुर रेलवे क्रॉसिंग के निकट हुआ। हरिद्वार से जल लेकर लौट रहे कांवड़ियों की ट्रैक्टर-ट्रॉली जैसे ही स्पीड ब्रेकर पार कर गजरौला की ओर बढ़ी। अचानक ही चालक को नींद की झपकी आ जाने से ट्रैक्टर बेकाबू होकर पास ही मंडी समिति रोड पर रखे ट्रांसफार्मर के चबूतरे से जा टकराया। पुलिस के मुताबिक ट्रैक्टर चला रहा पप्पू (30) पुत्र रामवीर निवासी गांव सिंहपुर थाना धनारी (संभल) नीचे गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसके बगल में बैठा नरेंद्र पुत्र किशन घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रॉली में बैठी महिलाओं एवं पुरुषों में चीख-पुकार मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल कांवड़िये नरेंद्र को सीएचसी भिजवाया और पप्पू के शव को आननफानन में अमरोहा भिजवा दिया। यहां आए पप्पू के भाई अजयपाल और योगेंद्र ने बताया कि उनके गांव से बीस से अधिक महिलाएं और पुरुष हरिद्वार से जल लेकर लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि मृतक अपने पीछे पत्नी सर्वेश और तीन बच्चों के साथ ही पूरे परिवार को रोता-बिलखता छोड़ गया है।
अंधेरे में हुआ हादसा, गनीमत रही नहीं थी लाइट
गनीमत रही कि यह हादसा अंधेरे में हुआ और उस वक्त बिजली भी गुल थी। यदि लाइट रही होती तो हादसे में कई और कांवड़ियों की जान भी जा सकती थी। हादसे के वक्त तेज आंधी और बारिश होने के कारण नगर की बत्ती गुल थी। अंधेरे में आने की सड़क नजर नहीं आने पर ट्रैक्टर बेकाबू होकर सड़क से उतरकर रखे ट्रांसफार्मर के चबूतरे में जा घुसा। लोगों का कहना था कि यदि उस वक्त लाइट आ रही होती तो हादसा गंभीर हो सकता था। वहीं हादसे में ट्रॉली में बैठे सभी कांवड़िये सकुशल बच गए।
कांवड़ियों से भरी मैक्स पलटी, सात लोग घायल
मंडी धनौरा मार्ग पर हरिद्वार से जल लेकर लौट रहे कांवड़ियों से भरी मैक्स बेकाबू होकर पलट गई। हादसे में दो महिलाओं समेत सात शिवभक्त घायल हो गए। इन्हें मरहम पट्टी के बाद भेज दिया गया। शुक्रवार की तड़के लगभग साढ़े तीन बजे यह हादसा कुमराला पुलिस चौकी के निकट हुआ। सीएचसी अधीक्षक डॉ. योगेंद्र सिंह ने बताया कि हादसे में गांव हिरोनी थाना रजपुरा (संभल) निवासी द्रुपा पत्नी मलखान, वीरेश पुत्र भूदेव, भगत सिंह पुत्र दीपचंद, धर्मपाल पुत्र सुंदरलाल, मनोज पुत्र जीतपाल, संजय पुत्र महेश, ममता पत्नी रोहताश शामिल हैं।