अमरोहा। मोहल्ला कटकुई से गुरुवार अपहरण कर बच्चे कामिल की हत्या के मामले में पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिल गई है। ईंट से बच्चे के सिर पर ताबड़तोड़ वार किए गए थे, जिससे उसके सिर की हड्डी टूट गई थी। कामिल की मौत हेड इंजरी और अधिक खून बहने की वजह से हुई थी। सिर में गहरी और गंभीर चोटें पाई गई हैं। हत्या गुरुवार अपहरण के बाद उसी दिन की गई थी। वहीं पुलिस को हत्याकांड के दो दिन बाद भी कोई क्लू नहीं मिला है। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने बालक के शव का अंतिम संस्कार कर दिया है।
गुरुवार की शाम नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कटकुई निवासी बारबर शाकिर सलमानी का कक्षा दो के छात्र नौ वर्षीय बेटा कामिल घर के बाहर से लापता हो गया था। परिजनों ने अज्ञात के खिलाफ अपहरण की एफआईआर दर्ज कराई थी। पुलिस और परिजन उसकी तलाश में जुटे थे। लेकिन शुक्रवार की सुबह घर से दो किलोमीटर दूर नौगांवा सादात रोड पर सड़क किनारे कामिल का शव पड़ा मिला। उसके गले में कपड़ा लिपटा हुआ था। हत्यारोपी ने उसके सिर पर ईंट से कई वार किए गए थे। एसपी सुनीति, एएसपी अजय प्रताप सिंह ने घटनास्थल का मुआयना किया था। फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की टीम ने मौके पर सबूत जुटाए थे। पुलिस ने खून से सनी ईंट और गले में लिपटे कपड़े को कब्जे में ले लिया था। देर शाम डॉक्टरों के पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया।
इंस्पेक्टर रविंद्र सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में गहरी चोट (हेड इंजरी) और अधिक खून बहने की वजह से मौत होने की पुष्टि हुई है। हत्या गुरुवार को ही अपहरण के बाद शाम छह से रात 12 बजे के बीच बताई गई है। बच्चे के साथ दुष्कर्म नहीं हुआ था। इससे साफ है कि बच्चे की हत्या करना ही हत्यारे का मकसद रहा है। जिस मोहल्ले के बच्चे का अपहरण हुआ था, यहां आस-पास में सीसीटीवी कैमरे नहीं है। जबकि घटनास्थल के इर्द-गिर्द लगे कैमरे चेक किए गए हैं, इसमें कोई क्लू नहीं मिला है। मामले की जांच कई बिंदुओं पर की जा रही है।