अमरोहा। उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) ने मंडल स्तर पर अनुभव और पर्यवेक्षण के आधार पर हुई जांच में लापरवाही और आदेशों की अवहेलना करने पर ढबारसी और मिठ्ठेपुर के जेई को निलंबित किया गया है।
विज्ञापन
अधीक्षण अभियंता सुनील कुमार ने बताया कि ढबारसी के अवर अभियंता सूर्यकांत भारद्वाज और मिठ्ठेपुर के अवर अभियंता अनोखेलाल पर यह कार्रवाई गंभीर अनियमितताओं और कर्तव्य में लापरवाही के आरोपों के बाद की गई है। दोनों पर राजस्व प्राप्ति में कमी, एरियर एटीएंडसी लॉस (तकनीकी एवं वाणिज्यिक नुकसान) में वृद्धि, और वितरण हानियों में इजाफे का आरोप है।
इसके अतिरिक्त, उन पर उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना, शासन के निर्देशों का पालन न करने और निर्धारित कर्तव्यों व दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने का भी आरोप है। विभागीय जांच में प्रथम दृष्टया पाया गया कि कर्मचारी आचरण नियमावली-1956 के नियमों का उल्लंघन किया है।
विज्ञापन
निलंबन की अवधि के दौरान अवर अभियंता सूर्यकांत भारद्वाज को कार्यालय अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड नौगांवा सादात से संबद्ध किया गया है, और अनोखे लाल को कार्यालय अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड से संबद्ध किया गया। आगे की जांच जारी है और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।