अमरोहा। जिले में जेई सिविल मुख्य परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। परीक्षा रविवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की जाएगी। जिले में बनाए गए नौ परीक्षा केंद्रों पर 4125 से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। इसके अलावा परीक्षा आयोजित कराने वाली संस्था ने बी पार्टी भी लगाई है, जो केंद्रों पर मौजूद स्टाफ और गतिविधियों पर नजर रखेगी। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए हर परीक्षा केंद्र पर एक दरोगा समेत पांच पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।
परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अनुचित गतिविधि को रोकने के लिए विशेष निगरानी रखी जाएगी। वहीं, परीक्षा केंद्रों के आसपास फोटो स्टेट की दुकानें और जन सेवा केंद्र बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि नकल या अन्य अनुचित साधनों पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके। परीक्षा के चलते शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए रूट डायवर्जन प्लान भी लागू किया गया है।
टीआई राजेंद्र सिंह ने बताया कि अमरोहा से मुरादाबाद जाने वाले वाहन नंदन स्वीट्स से कैलसा बाईपास और पाकबड़ा होते हुए जाएंगे। नौगावां सादात से अमरोहा और मुरादाबाद की ओर जाने वाले वाहन याहियापुर बाईपास से अतरासी चौकी हाईवे की ओर डायवर्ट किए गए हैं। इसी तरह, नौगावां सादात से दिल्ली जाने वाले वाहन रज्जाकपुर और धनौरा बाईपास से अतरासी चौकी हाईवे की ओर जाएंगे।
अतरासी चौकी से अमरोहा आने वाले वाहनों को एआरटीओ तिराहे से कल्याणपुरा रोड, बंबूगढ़ चौराहा, कांकर सराय और माया धर्मकांटा होते हुए प्रवेश दिया जाएगा। शहर अमरोहा से जोया और दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन कांकर सराय और बंबूगढ़ होते हुए जाएंगे, जबकि नौगावां सादात की ओर जाने वाले वाहन नंदन स्वीट्स से माया धर्मकांटा और कांठ रोड के जरिए बाईपास से निकलेंगे।
जोया से आने वाले वाहन भी बंबूगढ़, कांकर सराय और माया धर्मकांटा होते हुए शहर में प्रवेश करेंगे। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि परीक्षा के दौरान नंदन स्वीट्स से गांधी मूर्ति की ओर ई-रिक्शा और ऑटो का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। सभी छोटे वाहन कैलसा बाईपास और कांठ रोड के जरिए अपने गंतव्य तक जाएंगे।