नगर पालिका चेयरमैन के चुनाव नजदीक आ रहे हैं। पुराना कार्यकाल भी समाप्त होने जा रहा है। खुल कर जनता के धन का दुरुपयोग किया जा रहा है। ऐसा ही एक मामला सामने आया है। पालिका ने अंबेडकर नगर की ठीक-ठाक सड़क पर जेसीबी चलवा कर उखड़वा दिया।
पचास हजार रुपये से होने वाले काम में पूरी सड़क उखड़वा कर साढ़े छह लाख का स्टीमेट तैयार किया गया है। इसको लेकर सोमवार की शाम मोहल्ले वालों में हंगामा किया और सभासद को मौके पर बुला कर खरीखोटी सुनाईं।
अंबेडकर नगर की एक गली में करीब चार से पांच मीटर का टुकड़ा खराब हो गया था। मोहल्ले वालों ने सड़क के जर्जर हिस्से को ठीक कराने की मांग की।
सोमवार को पालिका की जेसीबी मोहल्ले में पहुंची और मोहल्ले की करीब 160-170 मीटर की सड़क को उखाड़ दिया।
सही सलामत सड़क को उखाड़े जाने पर मोहल्ले वाले भड़क गए। मोहल्ले वालों ने जम कर हंगामा किया। सभासद संजय अग्रवाल को मौके पर बुला कर खरी खोटी सुनाईं। मोहल्ले वालों का कहना है कि पालिका जनता के धन का दुरुपयोग कर रही है। सही सलामत सड़क को उखाड़ दिया गया।