गजरौला (अमरोहा)। दिल्ली से मुरादाबाद की दिशा में जा रहे दस टायरा ट्रक का एक्सल टूट जाने के कारण ट्रक हाईवे पर फंस गया। इस कारण वहां जाम लग गया। मौके पर जुटे लोगों ने धक्का देकर ट्रक को साइड में कराया। इस दौरान हाईवे पर लगभग दो किलोमीटर दूरी तक जाम लग गया और सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन जाम में फंसे रहे। लगभग दो घंटे बाद ही यातायात सुचारु हो सका। वहीं देर रात एक ट्रक बिजली के खंभे से जा टकराया।
शुक्रवार की रात लगभग नौ बजे दिल्ली की दिशा से आ रहे दस टायरा ट्रक का एक्सल हाईवे पर भानपुर फाटक के सामने निर्माणाधीन फ्लाईओवर के सामने टूट गया। इस कारण ट्रक बीच सड़क पर फंस गया। घने कोहरे में साइड का वैकल्पिक मार्ग नजर नहीं आने के कारण हाईवे पर दोनों साइडों में जाम लगना शुरू हो गया। वहीं वाहनों से उतरे कुछ लोगों ने पुलिस की मदद से ट्रक को धक्का लगाकर साइड में कराया। इससे पूर्व मिस्त्री को बुलाकर टूटा एक्सल भी ठीक कराया गया। इससे दोनों ओर लगभग तीन किलोमीटर तक जाम लग गया। लगभग 11 बजे ही हाईवे पर यातायात सुचारु हो सका। वहीं हरियाणा प्रांत से लकड़ी लेकर मुरादाबाद की दिशा में जा रहा ट्रक देर रात भानपुर के पास बिजली के खंभे से जा टकराया। हादसे में ट्रक चालक झज्झर निवासी जयप्रकाश घायल हो गया। उसे पास ही स्थित एक निजी हास्पिटल में ले जाया गया।