रेलवे फाटक का बूम टूटने के कारण लगा जाम
गजरौला। अज्ञात ट्रक चालक ने फाजलपुर रेलवे फाटक का बूम तोड़ दिया। जिसके कारण तिगरी-गजरौला मार्ग पर जाम लगा रहा। रेलवे कर्मियों ने खासी मशक्कत के बाद बूम को सही किया। उधर स्टेशन अधीक्षक की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात ट्रक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।
शुक्रवार की रात गुजर रहे अज्ञात द्वारा रेलवे के बूम को तोड़ देने की सूचना पर शनिवार की सुबह से ही रेलवे कर्मचारी दुरुस्त करने में लगे रहे। मगर तिगरी गंगा मेले को जा रहे श्रद्घालुओं को दिक्कत न हो, इस कारण कार्य करने में परेशानी सामने आई। फाटक बंद करने के कारण दिन में कई बार जाम लगा। शाम को फाटक सही किया गया। मगर इस दौरान दोनों तरफ लंबा जाम लग गया। सरकारी एंबुलेंस भी जाम में फंस गई। घंटों की मशक्कत के बाद फाटक को सही किया गया। उधर स्टेशन अधीक्षक सरदार सिंह की तहरीर पर आरपीएफ ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। थाना प्रभारी आरपीएफ अखिलेश कुमार ने बताया रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। चालक को तलाश किया जा रहा है।