गजरौला। गंगा एक्सप्रेसवे और औद्योगिक ग्रीन गलियारा समेत अन्य परियोजनाओं के लिए भूमि अधिग्रहण के सर्किल रेट में असमानता का मुद्दा गहराता जा रहा है। राष्ट्रीय लोक दल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं किसान ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. यशवीर सिंह ने किसानों को आश्वासन दिया कि उनके साथ अन्याय नहीं होने देंगे। वह यह मुद्दा मुख्यमंत्री के सामने उठाएंगे।
डॉ. यशवीर सिंह 20 अक्तूबर को हसनपुर आए थे। इस दौरान पूर्व ब्लॉक प्रमुख पति अशोक नागर, भाकियू इंडिया के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिमाग सिंह, जिलाध्यक्ष लोकेश विधूड़ी, चौधरी रमेश सिंह, श्याम सिंह समेत किसानों ने सर्किल रेट में असमानता की शिकायत की थी। ग्राम प्रधान गुड्डू चौधरी और वरिष्ठ अधिवक्ता मुजाहिद चौधरी भी इस मुद्दे पर संघर्ष कर रहे हैं।
किसानों ने बताया कि गंगा एक्सप्रेसवे के लिए अधिगृहीत भूमि के सर्किल रेट में काफी अंतर है। औद्योगिक ग्रीन गलियारा समेत अन्य परियोजनाओं के लिए भूमि चिह्नित है और खरीद-फरोख्त पर रोक लगी है। गंगवार का सर्किल रेट पहले 29 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर था, जो अब 38 लाख रुपये है। रहरा और दढ़ियाल का 61 लाख, बांसका कलां, बांसका खुर्द और मटीपुरा का 44 लाख तथा छपना और लालापुर का 54 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर है। चंदनपुर से दौरारा तक 61 लाख, जबकि मंगरौला, रुस्तमपुर और दौलतपुर का रेट 29 लाख से बढ़ाकर 38 लाख रुपये किया गया है।
डॉ. यशवीर सिंह ने कहा कि किसानों का उत्पीड़न और अन्याय बर्दाश्त नहीं होगा। वह मुख्यमंत्री को पत्र लिखेंगे। सर्किल रेट समान नहीं हुए तो उनसे मुलाकात करेंगे।