मल्लाह मत्स्य जीव सहकारी समिति बेरखेड़ा बिजनौर के अध्यक्ष छत्रपाल ने डीएम राजेश कुमार त्यागी को एक शिकायती पत्र सौंपा, जिसमें पूरनपुर झील की नीलामी में गड़बड़ी का आरोप लगाया। अधिकारी व कर्मचारियों ने अवैध वसूली कर सात लाख की निविदा न लेकर सरकार को राजस्व की हानि पहुंचाते हुए तीन लाख 40 हजार में नीलामी कर दी।
पत्र में आरोप लगाया है कि उसने अपनी समिति के नीलामी प्रपत्र 25 अगस्त सुबह 11 बजे ही संबंधित अधिकारी को जमा करा दिया था और मालूम किया था कि कितनी सिक्योरिटी जमा होगी, लेकिन उन्हें टाल दिया गया। नीलामी में पांच समितियों ने अपने अभिलेख जमा किए थे। वे बाहर बैठे रहे और तीन समिति से अधिकारियों ने साठगांठ करके अवैध वसूली करके 15 मिनट में बोली लगवाकर एक समिति को 3.4 लाख में नीलामी उसके पक्ष में कर दी है। नियमानुसार पांच समितियों को नीलामी के समय बुलाना चाहिए था। इससे राजस्व विभाग को असीम हानि हुई है। इस झील का कुल क्षेत्रफल 32.88640 हेक्टेयर है। उनकी मांग है कि इस नीलामी की जांच करते हुए दोषियों पर कार्रवाई की जाए। एसडीएम प्रतिभा सिंह ने बताया कि मामले में शिकायत मिली थी, जिसके बाद इस निविदा प्रक्रिया को रोक दिया गया है। इसकी जांच कराने के बाद अगली कार्रवाई होगी।