हसनपुर। क्षेत्र के गांव करनखाल में बगद नदी पर निर्माणाधीन पुल के लिए आए सीमेंट को ब्लैक करने का आरोप के मामले में हुई शिकायत की जांच शुरू हो गई है।
क्षेत्र के गांव करनखाल में बगद नदी पर लगभग 3.50 करोड़ रुपये लागत से पुल का निर्माण कार्य चल रहा है। भारतीय किसान यूनियन बीआर आंबेडकर के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा.दिग्विजय सिंह भाटी के मुताबिक बृहस्पतिवार की सुबह एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब 70 बोरे सीमेंट लादकर चालक उसे कहीं और ले जाने की फिराक में था। जैसे ही ट्रैक्टर गांव डगरौली के पास पहुंचा, वहां मौजूद ग्रामीणों को शक हो गया। ग्रामीणों ने तुरंत ट्रैक्टर को रोक लिया था और हंगामा किया था। इसके बाद सीमेंट लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली को कोतवाली ले जाया गया था। जहां कोतवाल से किसान नेता की जमकर नोकझोंक हुई थी। इस मामले की शिकायत किसानों ने एसडीएम हिमांशु उपाध्याय से भी की थी। एसडीएम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दिए थे। टीम का गठन भी किया गया था। एसडीएम ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है।