गजरौला। एसडीएम मंडी धनौरा ने तिगरी गंगा मेला स्थल का निरीक्षण कर सड़क बनाए जाने के काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। सड़क मार्ग में आ रही फसलों को जल्द से जल्द कटवाकर खेत खाली कराने को कहा। हिदायत दी कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एसडीएम सोमवार दोपहर बाद तिगरी गंगा मेला स्थल पर गईं। उन्होंने निरीक्षण किया कि कार्तिक पूर्णिम पर लग रहे तिगरी गंगा मेले में कहां-कहां पर सड़क बनाई जाएंगी। सड़क बनाने के लिए भूमि को देख उस पर जल्द से जल्द निशान लगाने के निर्देश दिए। यह भी देखा कि मेला स्थल में कहां-कहां पर फसल खड़ी हैं। मेला के लिए बनने वाली सड़क में कितनी फसल आ रही है। कब तक फसल तैयार हो जाएगी। उसको काटने में कितना समय लगेगा। सड़क बनाने के काम में लगे ठेकेदार को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
कार्तिक पूर्णिमा पर लग रहे तिगरी गंगा मेले की तैयारियों का जायजा लेने गईं एसडीएम ने देखा मेला स्थल को समतल करने का कितना काम कर दिया गया है। ट्रैक्टर से समतल करा रहे ठेकेदार को हिदायत दी कि बीते साल समतल करने में बड़ी खामियां रह गई थीं। समय पर समतल करने का काम भी नहीं हुआ था। इस बार ऐसा हुआ तो उसका भुगतान रुकवा दिया जाएगा। ट्रैक्टर की संख्या बढ़ा कर समतल करने का काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। जिससे सड़क बनाने काम जल्द शुरु किया जाएगा।
तिगरी गंगा मेला स्थल पर पानी का नाला बह रहा था। जिससे मेला स्थल के काफी हिस्से को समतल करने में परेशानी आ रही थी। पानी भरा होने के कारण मेले की तैयारियां जोर नहीं पकड़ रही थीं। जिस पर एसडीएम ने सबसे पहले नाला बंद कराने को कहा। जिससे मेला स्थल पर उसका पानी न आ सके। एसडीएम के निर्देश पर पानी की जलधारा को रोकने के लिए रेत की दीवार बनाई गई।