अमरोहा। नो हेलमेट नो फ्यूल अभियान के तहत यातायात पुलिस द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। यातायात प्रभारी ने शहर के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर जाकर पंपकर्मियों को बिना हेलमेट पहने दोपहिया चालकों को पेट्रोल न देने की अपील की। साथ ही पंपों पर आने वाले वाहन चालकों को जागरूक भी किया। कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन जरूर करें।
टीएसआई अनुज मलिक ने वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें, क्योंकि सबसे ज्यादा सड़क हादसों का कारण मोबाइल ही बनता जा रहा है। इसके अलावा चारपहिया वाहनों में सीट बेल्ट जरूर लगाएं। उन्होंने यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले 145 वाहनों के मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालान काटे।
इनमें बिना हेलमेट दोपहिया वाहन, सीट बेल्ट न लगाने वाले चालक और वाहन चलाते समय मोबाइल का इस्तेमाल करने वाले ओवर स्पीड से चलने वाले लोग शामिल रहे। प्रभारी यातायात ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं है, बल्कि लोगों को जागरूक करना है ताकि वे स्वयं नियमों का पालन करें। यदि लोग हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग करेंगे और मोबाइल से दूरी बनाकर वाहन चलाएंगे, तो सड़क सुरक्षा अवश्य ही सुनिश्चित हो जाएगी।