गजरौला पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर पंकज कुमार यादव की तलाश शुरू की। मगर इस बीच लापता दरोगा ने शनिवार की रात अचानक अपनी पत्नी को फोन किया। बताया कि वह मथुरा में है। रात में ही परिजन पुलिस को सूचना देकर मथुरा को रवाना हो गए। परिजनों का कहना है कि वह गोवर्धन की परिक्रमा करता मिला। पारिवारिक कलह के चलते वह तिगरी मेले से लापता हो गया था, मगर कलह किस बात को लेकर थी, इस पर चुप्पी साध गए। दोपहर बाद परिजन पंकज कुमार यादव को तिगरी गंगा मेला लेकर आए। यहां काफी देर रहने के बाद अपने साथ ले गए।
परिजन बोले : चलते-चलते पैरों में पड़ गए छाले
शुक्रवार की रात तिगरी गंगा मेले से लापता हुआ दरोगा पंकज कुमार यादव गंगा के किनारे-किनारे हाईवे पर पहुंचा था। हाईवे पर किसी वाहन को हाथ देकर रुकवाया और उसमें सवार हो गया। इसके बाद उसे खुद नहीं पता कि मथुरा में कैसे पहुंच गया। पारिवारिक कलह में गया था, उसे वर्दी उतार कर जाने की क्या जरूरत थी, इसका जवाब परिजन नहीं दे पाए।
दरोगा पारिवारिक कलह के कारण चला गया था। उसे मेला ड्यूटी से हटा दिया गया है। उसकी रवानगी कर दी गई है। रामपुर एसपी को पत्र लिख दिया गया है। -आदित्य लांग्हे, एसपी, अमरोहा