घटना शुक्रवार की रात डिडौली कोतवाली क्षेत्र के गांव सरकड़ी में हुई। यहां पर विजय सिंह का परिवार रहता है। उनका 30 वर्षीय बेटा विक्की रोजमर्रा की मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करता था। उसके परिवार में पत्नी के अलावा तीन बेटी और एक बेटा है। परिजनों के मुताबिक विक्की शुक्रवार की रात खाना खाने के बाद परिवार के सदस्यों के साथ घर में सोया था। लेकिन रात करीब 3 बजे उसका शव घर में पड़ा मिला।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। जांच पड़ताल के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इंस्पेक्टर पीके चौहान ने बताया कि प्रथम दृष्टया आत्महत्या लग रही है। परिजनों ने भी जहर खाकर जान देने की बात कही है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
डेंगू से युवक की मौत, सैकड़ों लोग बुखार से पीड़ित
जिले डेंगू और बुखार का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। शनिवार को डेंगू से डिडौली के युवक की मौत हो गई। जबकि गांव में सैकड़ों लोग बुखार से पीड़ित हैं। परिजनों ने शव को सुपुर्द ए खाक कर दिया है। जोया ब्लॉक क्षेत्र सरकड़ा कमाल, असगरीपुर के बाद अब डिडौली गांव में भी बुखार और डेंगू का प्रकोप बढ़ गया है।
यहां पर इरफान अली का परिवार रहता है। उनके परिवार में पत्नी के अलावा 9 बच्चे हैं। सबसे छोटा 19 वर्षीय बेटा जमाल को एक सप्ताह पहले बुखार आया था। जिसके बाद परिजनों ने उसे अमरोहा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। लेकिन उसकी हालत बिगड़ती गई और शनिवार की सुबह जमाल की मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि जांच के दौरान जमाल को डेंगू की पुष्टि हुई थी। परिजनों ने शव को सुपुर्द ए खाक कर दिया है। वहीं जिले में अब तक बुखार और डेंगू से पंद्रह से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।