डिडौली(अमरोहा)। दिल्ली से अयोध्या तक पैदल जा रहे युवक ने दरोगा पर अभद्रता का आरोप लगाया। बताया कि वह रात में पुल के नीचे रुक गया था तभी दरोगा ने उससे गाली गलौज की। जिसके विरोध में युवक सुबह धरने पर बैठ गया। सूचना पर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने दरोगा को निलंबित करने की मांग को लेकर हंगामा करना शुरू कर दिया।
नोएडा के सेक्टर 101 गजराज कालोनी निवासी सचिन यादव पुत्र लालता प्रसाद यादव दिल्ली अयोध्या तक पैदल जाने के लिए निकले। बृहस्पतिवार रात वह जोया पहुंचे। वह रात में जोया चौराहे पर पुल के नीचे रात बिताने के लिए रुके। आरोप है कि रात में चौराहे पर ड्यूटी पर तैनात दरोगा ने शराब के नशे में अभद्रता की व गाली गलौज की। सुबह होने पर युवक ने आसपास के लोगो को इस बारे में बताया। बाद वह धरने पर बैठ गए। कार्रवाई न होने पर पुल से कूदने की बात कही।
सूचना पर बजरंग दल के जिला सह संयोजक भी कार्यकर्ताओं के साथ जोया पहुंच गए और हंगामा करना शुरू कर दिया। मौके पर डिडौली कोतवाल सुधीर कुमार ने लोगों को समझाया। इस बीच आरोपी दरोगा मौके पर पहुंच गया। जिस पर शांत हुए लोगो ने फिर से हंगामा शुरू कर दिया। इस बीच पुलिस ने युवक के परिजनों को बुला लिया। हंगामा बढ़ता देख दरोगा वहां से चले गए। बाद में दो दिन में दरोगा पर कार्रवाई के आश्वासन पर कार्यकर्ता शांत हुए। जिसके बाद युवक को अयोध्या के लिए रवाना कर दिया। इस मौके पर मोहित कुमार, अंकित सिंह, अजय शर्मा, सतेंद्र सिंह, वीरेंद्र शर्मा, तुषार चौहान, धीरू सिंह, भोला सिंह, कपिल चौधरी आदि मौजूद रहे।