सोमवार को आजादी की सालगिरह धूमधाम से मनाई जाएगी। सुरक्षा के लिहाज से जिले में अलर्ट जारी कर दिया गया है।
सोमवार को जिलेभर में जश्न-ए-आजादी पर हर तरफ देश भक्ति की धुन गूंजेंगी। पिछले दो साल रहीं कोरोना की पाबंदियों की बेड़ी से हटकर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रहेगी। एसपी डॉ आदित्य लांग्हे सुरक्षा के लिहाज से सभी थाना पुलिस को अलर्ट कर दिया है। होटलों की चेकिंग के साथ ही सार्वजनिक स्थल भी चेक किए जा रहे हैं। रोडवेज बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गई है। पुलिस लगातार बसों की चेकिंग के साथ ही मुसाफिरों के सामान की तलाश कर रही है। पुलिस ने शहर के सभी होटलों संचालकों से संदिग्धों के बारे में जानकारी देने के निर्देश दिए हैं।
शहर के प्रमुख होटलों पर भी पुलिस की नजर है। एसपी के मुताबिक शहर से लेकर अतिसंवेदनशील गांवों में खुफिया तंत्र के अलावा स्थानीय पुलिस को सादे कपड़ों में लगाया गया है। गैर जनपदों को जोड़ने वाले 32 प्वाइंटों पर पुलिस तैनात रखी गई है। सभी थानाध्यक्षों को किसी भी तरह की मामले में लापरवाही नहीं बरते के निर्देश दिए गए हैं। स्वतंत्रता दिवस पर सुरक्षा को लेकर एलआईयू और इंटेलिजेंस की टीम भी सक्रिय है। जनपद भर के संदिग्धों पर उनकी निगाहें हैं। चौक चौराहों पर पुलिस तैनात रखी गई है। सोशल मीडिया पर सर्विलांस की नजर है। ड्यूटी को गंभीरता से नहीं लेने वालों बख्शा नहीं जाएगा।
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए हैं। बाजार से लेकर शहर के सभी होटलों पर भी नजर है। अभियान चलाकर चेकिंग की जा रही है। संदिग्ध और असामाजिक तत्वों को नजरबंद किया गया है। कोई भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। -डॉ आदित्य लांग्हे, एसपी अमरोहा