फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amroha News: सिपाही दंपती और कारोबारी समेत पांच घरों के ताले तोड़े, दो से लाखों की चोरी

Wed, 15 Apr 2026 12:39 AM IST
मुरादाबाद ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अमरोहा
विज्ञापन
विज्ञापन
अमरोहा। देहात थानाक्षेत्र में मंडी समिति रोड पर बेखौफ चोरों ने एक ही रात में पांच घरों को निशाना बनाकर सनसनी फैला दी। चोरों ने सिपाही दंपती और एक कारोबारी के घर से नकदी व लाखों रुपये के जेवरात चोरी कर लिए, जबकि तीन अन्य मकान खाली होने के कारण बच गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
विज्ञापन

गांव चांदनगर निवासी फौजी यशपाल सिंह का मकान मंडी समिति मार्ग पर है, जिसे उन्होंने कारोबारी गौरव चौधरी को रहने के लिए किराए पर दिया है। गौरव चौधरी सोमवार शाम परिवार समेत राजस्थान के बालाजी दर्शन के लिए गए थे। इसी दौरान रात में चोरों ने ताला तोड़कर घर में घुसकर करीब एक लाख रुपये की नकदी और लगभग छह लाख के जेवरात चोरी कर लिए। इसी मकान की दूसरी मंजिल पर किराए पर रहने वाले सिपाही अमन राज का कमरा भी चोरों ने नहीं छोड़ा। अमन राज वर्तमान में पुलिस लाइन में तैनात हैं और उनकी ड्यूटी अयोध्या में लगी है, जबकि उनकी पत्नी राधेश महिला थाने में सिपाही हैं और इन दिनों मातृत्व अवकाश पर अपने मायके अलीगढ़ गई हुई हैं। उनके बंद कमरे का ताला तोड़कर चोर लगभग 10 हजार रुपये नकद और करीब सात लाख रुपये के जेवरात चोरी कर ले गए।
इसके अलावा चोरों ने पास ही रहने वाले ताराचंद, ओमवीर सिंह और भुवनेश के मकानों के भी ताले तोड़े लेकिन मकान खाली होने के कारण कोई सामान हाथ नहीं लगा। मंगलवार सुबह घटना की जानकारी होने पर इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर सीओ अवधभान भदौरिया व थाना प्रभारी शौकेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक और डॉग स्क्वायड टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। सीओ ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्दी ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें