अमरोहा। निजी अस्पताल के मेडिकल स्टोर पर दवाइयों की जांच के दौरान हंगामा खड़ा हो गया। छापा मारने पहुंचीं जिला औषधि निरीक्षक से डॉक्टर ने अभद्रता की। बाद में कार्रवाई की मांग को लेकर जिला औषधि निरीक्षक नगर कोतवाली पहुंच गई और कार्रवाई की मांग को लेकर वहीं कुर्सी पर बैठ गईं। एसपी ने नौगांवा सादात अंजलि कटारिया को मामले की जांच सौंपी हैं। जबकि डीएम बीएसए से जांच करा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जिस तरह के आरोप औषधि निरीक्षक द्वारा लगाए गए हैं, मेडिकल पर लगे सीसीटीवी फुटेज में उस तरह के कोई साक्ष्य नहीं मिले हैं।
शुक्रवार की शाम करीब पांच बजे जिला औषधि निरीक्षक रुचि बंसल अपनी टीम के साथ नगर कोतवाली क्षेत्र में एक निजी अस्पताल के मेडिकल पर जांच करने पहुंचीं। यहां दवाइयों की जांच शुरू की तो कर्मचारियों ने ये बात अस्पताल पर मौजूद डॉक्टर से बताई। डॉक्टर ने टीम से दवाई चेक करने के बारे में पूछा। बस इसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। हंगामा शुरू हो गया। सूचना मिलते ही टीपी नगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई। निजी अस्पताल के सदस्यों का कहना था कि औषधि निरीक्षक को किसी ने पहचाना नहीं।
इसके बाद जिला औषधि निरीक्षक नगर कोतवाली पहुंच गईं और अस्पताल के डॉक्टर व कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग करने लगीं। करीब तीन घंटे जिला औषधि निरीक्षक कोतवाली में बैठी रहीं। मामला संज्ञान में आते ही एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने सीओ अंजलि कटारिया को मामले की जांच सौंप दी है। जबकि डीएम राजेश कुमार त्यागी ने प्रशासन की और से मामले की जांच बीएसए मोनिका सिंह को सौंपी है।
आरोप लगने के बाद डॉक्टर के समर्थन में उतरी आईएमए
निजी अस्पताल के मेडिकल स्टोर पर जांच के दौरान जिला औषधि निरीक्षक रुचि बंसल ने डॉक्टर पर अभद्रता करने का आरोप लगाया है। जिसके बाद आईएमए अमरोहा डॉक्टर के समर्थन में उतर आई है। आईएमए अध्यक्ष डॉ. शकील फारूख और सचिव डॉ. देवेंद्र सिरोही की मौजूदगी में अन्य डॉक्टर डीएम राजेश कुमार त्यागी और एसपी कुंवर अनुपम सिंह से मिले। डॉक्टरों ने कहा कि जिस डॉक्टर पर आरोप लगाया गया है वह आईएमए के वरिष्ठ व सम्मानित सदस्य हैं। जो भी घटना मेडिकल स्टोर पर हुई उसकी निष्पक्ष जांच कराकर कार्रवाई करें।
ड्रग इंस्पेक्टर वाले प्रकरण सीओ नौगांवा सादात अंजलि कटारिया और बीएसए मोनिका सिंह को जांच अधिकारी नामित किया गया है। जिन्होंने मौके पर जाकर फुटेज देखा है। दोनों अधिकारी जल्द ही मामले की जांच सौंपेंगी। जानकारी ये मिल रही है की अभद्रता और मारपीट करने जैसी कोई बात सामने नहीं आ रही है। यदि सीसीटीवी फुटेज में गलत पाया जाता है तो कार्रवाई अवश्य होगी, इसमें कोई समझौता नहीं होगा।
- राजेश कुमार त्यागी, डीएम अमरोहा