अमरोहा। जनपद में आई फ्लू के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। संक्रमण इस गति से बढ़ रहा है कि जिले के सरकारी अस्पतालों में दो दिनों में आई फ्लू के मरीजों की संख्या एक हजार के पार हो गई है। हर दिन ओपीडी में भी इजाफा हो रहा है। संक्रमण का असर स्कूली बच्चों पर भी पड़ रहा है। संक्रमित बच्चों को लगातार छुट्टी देकर घर भेजा जा रहा है। उधर, बाजार में आई ड्राप की भी कमी आ गई है। मेडिकल पर ब्रांडेड कंपनियों की आई ड्रॉप बहुत कम मात्रा मिल रही है।
अगस्त माह की शुरूआत के साथ मौसम का असर लोगों की आंखों पर पड़ रहा है। अगस्त के पहले दो दिनों में आई फ्लू के मरीजों में इजाफा हुआ है। मंगलवार को जिला अस्पताल के अलावा हसनपुर, गजरौला की सीएचसी में 690 आई फ्लू के मरीज मिले थे। वहीं, बुधवार को मरीजों की संख्या 465 पहुंच गई। अब स्थिति यह है कि जिला अस्पताल समेत जनपद भर के सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आई फ्लू से पीड़ित मरीज पहुंच रहे हैं। नेत्र रोग विशेषज्ञ डाॅक्टर एके गौतम ने भी संक्रमित मरीजों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।
ब्रांडेड कंपनी की दवाईयों का हो रहा टोटा
अमरोहा। बीते दिनों में जैसे जैसे आई फ्लू के संक्रमण ने पैर पसारे हैं, वैसे वैसे निजी मेडिकल स्टाेरों पर भी दवाईयाें का टोटा होना शुरू हो गया है। ब्रांडेड कंपनियों की सिपलोक्स्, डैक्सिन, मोक्सीफ्लोक्सासिन, डेक्सामेथिसोन, जैंटामायसिन की कमी शुरु हो गई है। मेडिकल स्टोरों पर ब्रांडेड कंपनियों की दवाई नहीं मिल पा रही है। वहीं जेनरिक की दवाईयां भी कम होना शुरू हो गई हैं। जो मिल रही हैं, उन पर मेडिकल संचालक मोटा मुनाफा कमा रहे हैं।
-
मोतियाबिंद के आपरेशन पर पड़ रहा असर
आई फ्लू का असर मोतियाबिंद के ऑपरेशन पर भी पड़ा है। जिला अस्पताल के वरिष्ठ नेत्र सर्जन डॉ एके गौतम का कहना है कि इस मौसम में वैसे भी मोतियाबिंद का ऑपरेशन कम ही होते हैं, लेकिन आई फ्लू के चलते मोतियाबिंद के ऑपरेशन भी वह टाल रहे हैं। मंगलवार को ऑपरेशन कराने लिए पहुंचे तीन मरीजों को उन्होंने आई फ्लू के संक्रमण के चलते लौटा दिया। उनका संक्रमण ठीक होने के बाद ही ऑपरेशन किया जाएगा।
-
आई फ्लू को लेकर अभिभावकों को किया जागरूक
फोटो
हसनपुर। प्राथमिक विद्यालय गुलामपुर में विद्यालय प्रबंध समिति की मासिक बैठक का आयोजन हुआ। बैठक में विद्यालय के प्रधानाध्यापक रामवीर सिंह ने वायरल संक्रमण आई फ्लू एवं संचारी रोगों के बारे में जानकारी दी। प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष एवं प्रधानाध्यापक रामवीर सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में आई फ्लू वायरल संक्रमण बड़ी तेजी के साथ फैल रहा है। प्रबंध समिति के अध्यक्ष इंद्र सिंह,उपाध्यक्ष राधा,प्रथी सिंह,महेन्द्र सिंह,अजयपाल, रोहताश सिंह, हरकिशन, जयपाल सिंह, धीर सिंह रहे।
आई फ्लू से बढ़ी चश्मों की बिक्री, दाम चार गुना तक बढ़े
फोटो
ढबारसी। आई फ्लू बीमारी से बचाव के लिए चिकित्सकों द्वारा काला चश्मा पहनने की सलाह के बाद चश्मों की बिक्री में एकाएक बढ़ोतरी हुई है। बीमारी में अवसर ढूंढने वाले सक्रिय हो गए हैं। 250 रुपये में बिकने में वाले चश्मे 400 रुपये तक बिक रहे हैं।