अमरोहा। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत होने वाली शादियां का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। जिले में योजना के तहत दो चरणों में गरीब कन्याओं का विवाह अलग-अलग तिथियों में आयोजित होगा। प्रथम चरण में सामूहिक विवाह 16 से 27 जनवरी तक होंगे। दूसरे चरण के तहत 28 फरवरी तक जितने ऑनलाइन आवेदन मिलेंगे, जांच के बाद पात्र पाए जाने पर उन्हें योजना का लाभ मिलेगा।
सीडीओ एके मिश्र ने बताया कि 16 जनवरी को अमरोहा ब्लाॅक क्षेत्र, नगर पालिका अमरोहा व नौगावां नगर पंचायत के पात्र 200 जोड़ों का विवाह राजकीय इंटर काॅलेज के मिनी स्टेडियम में होगा। 19 जनवरी को जोया ब्लाॅक क्षेत्र व नगर पंचायत जोया के पात्र 250 जोड़ों की शादी ग्रीन कार्पेट बैंक्वेट हाॅल जोया में होगी। 21 जनवरी को धनौरा ब्लाॅक क्षेत्र व नगरपालिका धनौरा व बछरायूं, 23 जनवरी को गजरौला ब्लाॅक क्षेत्र, नगरपालिका गजरौला, 25 जनवरी को हसनपुर ब्लाॅक क्षेत्र व नगर पालिका हसनपुर, उझारी व सैदनगली में कार्यक्रम होंगे।
27 जनवरी को गंगेश्वरी ब्लाॅक क्षेत्र के शादी के लिए कार्यक्रम आयोजित होंगे। 15 जनवरी के बाद और 28 फरवरी तक जो जोड़े आवेदन करेंगे, पात्र होने पर उनको मार्च के पहले सप्ताह में सामूहिक विवाह कार्यक्रम में सम्मिलित किया जाएगा।
पूर्व में निरस्त हुए थे टेंडर
जिला समाज कल्याण अधिकारी पंखुड़ी जैन ने बताया कि पूर्व होने वाले कार्यक्रम के तहत हुए आवेदन की जांच में करीब एक हजार से अधिक आवेदक अपात्र पाए गए हैं। अब शेष बचे व अन्य आए आवेदन के तहत पात्रों की शादी कराई जाएगी। टेंडर प्रक्रिया में गड़बड़ी की शिकायत के बाद हुई जांच में टेंडर को निरस्त कर दिया गया था। गहनता से जांच के बाद टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर फिर से सामूहिक विवाह की तारीखों का निर्धारण किया गया है।
-
प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन पर मौजूद विधायक व वक्ता।