अमरोहा। परिचित के घर बुधवार दिन में शादी से पूर्व आयोजित मढ़े की दावत खाकर लौट रही 30 वर्षीय महिला को पड़ोसी युवक ने सरेआम चाकू से गोद दिया। सीने पर कई वार किए जाने से महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात से आक्रोश में आए परिजनों तथा बिरादरी के लोगों ने शव घेरकर हंगामा शुरू कर दिया। आरोपी के घर को घेरकर तोड़फोड़ करने लगे। वहां मौजूद ई-रिक्शा भी तोड़ डाला। कई थानों की फोर्स-पीएसी और एसपी समेत अन्य अफसरों की मौजूदगी में आरोपी को पुलिस की वर्दी पहनाकर घर से थाने पहुंचाया गया। आरोपी पर सख्त कार्रवाई और पीड़ित पक्ष को मदद का भरोसा देकर करीब छह घंटे बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका। दो बिरादरियों में संघर्ष की आशंका में रात तक पुलिस व पीएसी गांव में तैनात रही।
अमरोहा देहात थानाक्षेत्र के गांव पचोकरा मेहरबान अली में दिन में 12 बजे हुई वारदात का शिकार हुईं रूबी (30) बेलदारी करने वाले नरेंद्र सिंह की पत्नी हैं। ग्रामीणों ने बताया कि गांव के ही गुड्डू सिंह के बेटे कोशिंदर के मढ़े की दावत से लौटते समय उन्हें निशाना बनाया गया। परिवार ने पड़ोसी राशन डीलर के बेटे धीरज पर हत्या का आरोप लगाया है। हालांकि परिवार या पुलिस अधिकारी वारदात के पीछे का कारण नहीं बता सके हैं। आरोपी और पीड़ित परिवार अलग-अलग जाति के होने से दोनों वर्गों के बीच तनाव है।
गुस्साई भीड़ के शव घेर लेने और दो वर्गों के बीच आक्रोश देख मौके पर पांच थाने की पुलिस व पीएसी बुलानी पड़ी। एसपी अमित कुमार आनंद और एएसपी अखिलेश भदौरिया खुद मौके पर जमा लोगों को समझाने में जुटे। दिन में 12 बजे के आसपास हुई घटना में शाम करीब साढ़े छह बजे पुलिस शव पोस्टमार्टम के लिए भेज सकी। पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और आरोपी पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन देकर पुलिस भीड़ हटाने में कामयाब हो पाई। एसपी ने बताया कि आरोपी धीरज हिरासत में है। वारदात की रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।
00
चाकू के हमले से छलनी कर दिया था सीना
ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी धीरज ने रूबी के सीने पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। लहूलुहान हालत में छटपटाती रूबी ने बचाव की कोशिश की तो उसकी हाथों में भी चाकू के कई जख्म बन गए। रूबी की मौत होने पर आरोपी अपने घर में जाकर छिप गया, जहां से पुलिस हिरासत में ले गई।
00
बच्चे घर में कर रहे थे इंतजार
जो रूबी पड़ोसी युवक के हमले में देखते-देखते दम तोड़ गई, उसके मासूम बच्चे मां का घर पर इंतजार कर रहे थे। ग्रामीणों ने बताया कि नरेंद्र और रूबी के दो बेटे लवीश (10), नकुल (सात), नैना (छह) हैं। घटना के समय वह घर पर थे। आरोपी और रूबी के घर के बीच सिर्फ एक दीवार होने से मासूम बच्चों को यकीन नहीं हो रहा था कि पड़ोस का युवक ही उनकी मां की मौत का कारण बन जाएगा।
00
जनप्रतिनिधि भी जुटे समझाने में
बड़ी वारदात का पता चलने पर नौगावां के सपा विधायक समरपाल सिंह, अमरोहा की पालिकाध्यक्ष के परिजन, बसपा जिलाध्यक्ष सोमपाल सिंह, जितेंद्र सिंह एडवोकेट भी मौके पर पहुंचकर आक्रोशित लोगों को समझाने पर जुटे रहे।
00
आरोपी को पहनानी पड़ी पुलिस की वर्दी
महिला की हत्या को लेकर परिजनों व बिरादरी के लोगों में इतना गुस्सा था कि घर में छिपे आरोपी के घर तोड़फोड़ शुरू कर दी। भीड़ के तेवर देख घर में छिपे आरोपी को पुलिस की वर्दी पहनाकर खामोशी से निकाला गया। आरोपी धीरज की भाभी को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि तीन दिन पहले आरोपी धीरज और रूबी के जेठ के बीच किसी बात पर कहासुनी हो गई थी। इस मामले में रूबी ने भी धीरज को डांटा था। हालांकि हत्या की वजह अभी किसी स्तर से स्पष्ट नहीं हुई है।
00
एसपी का कोटः
पचोकरा मेहरबान अली गांव में राशन डीलर के बेटे धीरज पर पड़ोस में रहने वाली महिला रूबी की हत्या करने का आरोप है। महिला की हत्या चाकू से गोदकर की गई है। आरोपी धीरज को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में परिजनों की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। पूछताछ के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा उसने हत्या क्यों की।
- अमित कुूमार आनंद, एसपी अमरोहा