अमरोहा। कलक्ट्रेट सभागार में डीएम निधि गुप्ता वत्स व एसपी अमित कुमार आनंद ने एनएचएआई के अधिकारियों के साथ वाहन चालकों की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए बैठक की। डीएम ने हाईवे-9 पर अवैध रूप से बनाए गए कटों एवं अनधिकृत रास्तों को बंद करने के निर्देश दिए।
मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में डीएम ने एनएचएआई के अधिकारियों को अवैध कटों एवं अनधिकृत रास्तों की पहचान कर जल्द बंद करने के निर्देश दिए। जिससे हाईवे पर यातायात सुरक्षित रहे। उन्होंने कोहरे का मौसम होने से दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। सड़क सुरक्षा की दृष्टि से हाईवे पर नाइट पेट्रोलिंग को ओर अधिक बढ़ाए जाने के निर्देश दिए। टोल प्लाजा पर लगातार अनाउंसमेंट कराने व वाहन चालकाें को सतर्क रहने के निर्देश दिए।
डीएम ने हाईवे पर खराब स्ट्रीट लाइटें ठीक कराने व जगह-जगह रिफलेक्टर और संकेतक चिह्न लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई दुर्घटना होती है तो संबंधित अधिकारी की जवाबदेही होगी। एसपी ने पुलिस अधिकारियों को संघन निगरानी एवं आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कहा कि सड़कों पर वाहन खड़े न हो। इस दौरान एडीएम वित्त एवं राजस्व गरिमा सिंह, एडीएम न्यायिक धीरेंद्र प्रताप सिंह, एएसपी अखिलेश भदौरिया, सभी एसडीएम व सीओ आदि मौजूद रहे।