आदमपुर। क्षेत्र के गांव चंदनकोटा में ग्राम समाज की भूमि को कब्जामुक्त कराया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने विरोध किया। विरोध को देखते हुए राजस्व टीम ने थाने से और अधिक फोर्स बुलाकर कार्रवाई को जारी रखा। इस दौरान जमकर हंगामा हुआ। विरोध और हंगामा करने वाले ग्रामीणों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
बताते हैं कि गंगेश्वरी ब्लॉक क्षेत्र के गांव चंदनकोटा में करीब दो बीघा भूमि ग्राम समाज की है। इस भूमि पर कुछ लोगों के बहुत पुराने घर बने हुए हैं। जबकि कुछ लोग नए घर बना रहे हैं। कुछ दिन पूर्व मामले की शिकायत मंडलायुक्त से की गई थी। शिकायतकर्ताओं ने कहा था कि ग्राम समाज की भूमि को कब्जामुक्त कराया जाए। तहसीलदार सुदीप कुमार ने मामले की जांच लेखपाल से कराई। लेखपाल ने जांच में पाया कि ग्राम समाज की भूमि पर ग्रामीणों ने निर्माण करा रखा है।
शनिवार को तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक अरविंद कुमार शर्मा, लेखपाल अमित कुमार की टीम मौके पर कब्जा छुड़ाने के लिए गई थी। लेकिन यहां ग्रामीणों ने टीम का विरोध करते हुए हंगामा कर दिया। इसके बाद थाने से पुलिस फोर्स को बुलाया गया। एसडीएम पुष्कर नाथ चौधरी और सीओ अरुण कुमार भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस बल की मौजूदगी में अवैध निर्माण को हटवाया गया। इस दौरान जमकर हंगामा हुआ। वहीं हंगामा करने वाले ग्रामीणों का तर्क है कि उन्होंने भूमि को वर्षों पहले गांव के ही एक व्यक्ति से खरीदा था।
चंदनकोटा में ग्राम समाज की भूमि पर अवैध निर्माण को ध्वस्त कराया गया है। यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। हंगामा और विरोध करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। पुष्कर नाथ चौधरी, एसडीएम हसनपुर
-