मंगलवार को भाकियू शंकर के पदाधिकारी इकट्ठा होकर तहसील नौगांवा सादात पहुंचे और मांग को लेकर धरना प्रदर्शन करने लगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि दिल्ली से मुरादाबाद-लखनऊ को जाने वाली करीब एक दर्जन ट्रेनों में सामान्य कोच मात्र दो-दो ही रह गए हैं। जनरल कोचों की संख्या बढ़ाई जाए। मुरादाबाद से गजरौला होते हुए एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन हरिद्वार तक किया जाना चाहिए। कहा कि प्रदेश की ऐसी चीनी मिलें जिन्होंने समय अवधि में गन्ना मूल्य भुगतान नहीं किया है, उन सभी चीनी मिलों का गन्ना क्षेत्रफल काटकर समय अवधि में भुगतान करने वाली चीनी मिलों को आवंटन किया जाए। इसके साथ ही मिलों का पेराई सत्र शुरू होने से पहले ही वर्तमान पेराई सत्र के लिए गन्ना मूल्य बढ़ाकर 450 रुपए प्रति क्विंटल किया जाए। चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 8 सितंबर तक संगठन की मांगों का निस्तारण नहीं किया जाता है तो भाकियू शंकर 9 सितंबर को कलक्ट्रेट का घेराव करते हुए धरना-प्रदर्शन व आंदोलन को मजबूर होगा। इस दौरान जिलाध्यक्ष सतपाल सिंह अधाना, तहसील अध्यक्ष बबीता रानी,चौधरी रविपाल सिंह, चौधरी धर्मवीर सिंह, राकेश रतनपुर, राजवीर, नरपत सिंह, नेमपाल सिंह आदि मौजूद रहे।