अमरोहा। दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के मुकदमे में पीड़िता और उसकी मां को तेजाब फेंक कर लाशें बिछाने की धमकी दी गई। मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अमरोहा नगर के एक मोहल्ला निवासी महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी बेटी से संबंधित पॉक्सो एक्ट का एक मुकदमा शाहरुख निवासी मोहल्ला बड़ा दरबार मुरादाबादी गेट के खिलाफ न्यायालय में विचाराधीन है। आरोप है कि 13 अक्तूबर की शाम करीब पांच बजे वह अपनी मां के घर गई हुई थीं। इसी दौरान मुकदमे का आरोपी शाहरुख अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंच गया। उसने महिला और उसकी बेटी के साथ गाली-गलौज की। साथ ही मुकदमा वापस नहीं लेने पर दोनों के चेहरे पर तेजाब फेंकने की धमकी दी। आरोपी ने कहा कि मुकदमा वापस नहीं लिया तो लाशें बिछा देगा।
महिला के शोर मचाने पर मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंच गए। इसी बीच महिला के पति को आता देखकर आरोपी अपने साथियों के साथ धमकी देते हुए वहां से भाग गया। सीओ सिटी डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि मामले में शाहरुख और उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।