अमरोहा में पिता की मौत के बाद बेसहारा हुई मुस्लिम युवती को दूसरे धर्म के युवक ने प्रेम जाल में फंसा लिया। उसके साथ शारीरिक शोषण किया। झांसे में लेकर उसका मकान बिकवा और बारह लाख रुपये हड़प लिए। युवती के आठ महीने की गर्भवती होने के बाद उसे बेसहारा छोड़ कर भाग गया।
नाम बदलकर धोखा देता रहा। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बाद में उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। ये मामला नगर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला का है। घर में ही परचून की दुकान चलाकर एक बुजुर्ग पत्नी और बेटी का पालन पोषण करते थे।
चार साल पहले पत्नी की मौत होने के बाद पिता और बेटी रह गए। खुद को देहरादून का बताने वाला विनय कुमार अक्सर दुकान पर परचून का सामान देने के लिए सेल्समैन बनकर आता था। पिता की गैरमौजूदगी में युवती दुकान का सामान लेती थी। इसलिए उसकी विनय कुमार से अच्छी पहचान हो गई।
करीब दो साल पहले दुकानदार की मौत हो गई। जिसके बाद विनय ने बेसहारा युवती के साथ हमदर्दी दिखाई और उसे अपने प्रेमजाल में फंसा लिया। वह विनय पर भरोसा करने लगी। दोनों पति-पत्नी के रूप में रहने लगे। इस बीच विनय ने युवती के साथ दुष्कर्म किया।
इस दौरान झांसे में लेकर विनय ने युवती का पुश्तैनी मकान भी बिकवा दिया और उन रुपयों से दो पिकअप अपने असली नीरज नाम से खरीद लिए। करीब आठ महीना पहले युवती गर्भवती हुई तो आरोपी विनय ने घर आना बंद कर दिया। करीब दो महीने पहले उसने दूसरी लड़की से शादी कर ली।
जानकारी मिलने पर पीड़िता के होश उड़ गए। लिहाजा पीड़िता ने देहरादून के रहने वाले विनय के नाम से एफआईआर दर्ज कराई। लेकिन जब हकीकत सामने आई तो पुलिस भी अचंभित रह गई। हकीकत में खुद को विनय बताने वाले युवक का असली नाम नीरज था।
वह देहरादून का नहीं बल्कि मुरादाबाद के मझौला थानाक्षेत्र में साईं कन्या इंटर कॉलेज के पास का रहने वाला निकला। सीओ सिटी विजय कुमार राणा ने बताया कि आरोपी नीरज को गिरफ्तार कर उसे न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।