जिले में शिया बिरादरी ने बुधवार को ईद मनाई। देर रात एलान के बाद हर कोई मुबारकबाद देने में जुट गया। सुबह शहर की शिया जामा मस्जिद व अन्य मस्जिदों में भी नमाज अदा कराई गई, जिसमें मुल्क व कौम की तरक्की को लोगों ने दुआ मांगी। शांतिपूर्ण नमाज संपन्न होने के बाद छोटा हो या बड़ा, हर शख्स एक दूसरे के गले मिलकर ईद की मुबारकबाद देने लगा। अन्य कस्बों में भी ईद शांति के तरीके से मनाई गई।
रात करीब तीन बजे चांद दिखने का एलान होते ही शिया बिरादरी के लोग ईद के उत्साह में डूब गए। परिचितों और साथियों को ईद की शुभकामनाएं देने लगे। बुधवार की सुबह साढ़े नौ बजे घरों से निकलकर नमाज अदा करने के लिए शिया जामा मस्जिद पहुंचे। यहां शिया इमाम मौलाना सियादत नकवी ने ईदुल फितर की नमाज अदा कराई। नमाज के बाद कौम की तरक्की और मुल्क में अमन चैन कायम को दुआ मांगी गई। इसके बाद लोग गले मिलकर ईद की मुबारकबाद देने लगे।
सुबह शुरू हुआ यह सिलसिला शाम तक जारी रहा। इस मौके पर एसडीएम प्रवीणा, ईओ नगर पालिका प्रेम प्रकाश, शहर कोतवाल एसपी गौतम, डा.जमशेद कमाल, खुर्शीद हैदर जैदी, हल्लाक हैदर, हसन अब्बास, जावेद कमाल, बाकर रजा, कमाल हैदर, मुबारक अली, शहवार हुसैन, मौलाना फरोश, अख्तर अब्बास अप्पू मौजूद थे। इसके अलावा मोहल्ला गुजरी, लकड़ा, दरबारे कलां, मंडी चौक, छेवड़ा, कटरा, दानिशमंदान, काजीजादा, पचदरा, खारी कुआ, मजापोता स्थित मस्जिदों में भी नमाज पढ़ाई गई।