अमरोहा के गजरौला में सिक्योरिटी कंपनी के दफ्तर में मृत मिली हैदराबाद निवासी उजमा कौसर छह नवंबर से लापता थी। शनिवार देर शाम गजरौला पहुंचे परिजनों ने पुलिस को जानकारी दी। बताया कि हैदराबाद के पुलांव थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इसके बाद परिजन उजमा कौसर का शव लेकर हैदराबाद रवाना हो गए। वहीं सामने आया है कि उजमा कौसर फेसबुक मित्र शहजाद के साथ शादी करने की जिद कर रही थी।
हैदराबाद के निजामाबाद के पुलांव थाना क्षेत्र निवासी उजमा कौसर की उसके फेसबुक पर मित्रता के बाद बने प्रेमी शहजाद निवासी चिल्ला मोहल्ला अमरोहा ने मंगलवार की रात हत्या कर दी थी। उसका शव बुधवार की सुबह सिक्योरिटी कंपनी के दफ्तर में मिला था। पुलिस ने शुक्रवार को हत्यारोपी शहजाद को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया था।