जोया (अमरोहा)। तीन तलाक और मारपीट के आरोप में डिडौली पुलिस ने पति समेत चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
डिडौली कोतवाली क्षेत्र के गांव कनपुरा निवासी मुशाहिद हुसैन की बेटी शमा परवीन की शादी अगस्त 2016 में बछरायूं के मोहल्ला चौधरियान निवासी खैराती के बेटे शहाबुद्दीन के साथ हुई थी। शमा परवीन का आरोप है कि पति के एक महिला से अवैध संबंध थे। जिसे लेकर वह दिल्ली चला गया था। इसी बीच शमा परवीन ने पति और ससुरालियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज करा दिया। जो न्यायालय में विचाराधीन है। अब ससुराल वाले मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। फिलहाल शमा परवीन अपने मायके में रह रही है। 16 फरवरी को शहाबुद्दीन अपने परिजनों के साथ घर पहुंच गया। यहां मुकदमा वापस लेने के लिए दबाव बनाया। विरोध करने पर मारपीट की। इसके बाद शहाबुद्दीन ने शमा परवीन को तीन तलाक दे दिया। बाद में सभी आरोपी फरार हो गए। शुक्रवार की रात पीड़िता की तहरीर पर पति शहाबुद्दीन के खिलाफ तीन तलाक और अन्य तीन ससुरालियों पर दहेज उत्पीड़न और मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया है। इंस्पेक्टर शरद मलिक ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।